VIDEO: आंधी में क्षतिग्रस्त लाइन से ठप पड़े निजी नलकूप, सूखने लगी फसलें

तेज आंधी में बिजली लाइन, पोल और ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने से जगदीशपुर क्षेत्र के कई निजी नलकूप बंद पड़े हैं। इससे किसानों की फसलें सूखने लगी हैं, जबकि पशुपालकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने जल्द बिजली व्यवस्था बहाल कराने की मांग की है। डोमडीह निवासी तारकेश्वर तिवारी ने बताया कि इसी लाइन से गामा मिश्रा, ननकऊ तिवारी के नलकूप और महेश तिवारी के घर की बिजली आपूर्ति होती है। आंधी के बाद से लाइन खराब होने के कारण सभी प्रभावित हैं। कटेंहटी निवासी राम गरीब पांडेय ने बताया कि उनके निजी नलकूप से करीब पांच बीघे खुद की खेती के अलावा आसपास के लगभग 12 किसानों की करीब 25 बीघे भूमि की सिंचाई होती है। उन्होंने कहा कि यदि 15-20 दिन पहले आई आंधी में बिजली लाइन क्षतिग्रस्त नहीं हुई होती तो पहली मई तक मंसूरी धान की नर्सरी पड़ गई होती। अब सिंचाई न होने से खेती प्रभावित हो रही है। डोमडीह निवासी आलोक कुमार पांडेय ने बताया कि आंधी में पोल और ट्रांसफार्मर टूटने से निजी नलकूप बंद है, जिससे चरी, उड़द और सब्जियों की फसलें सूख रही हैं। उन्होंने बताया कि अरुई, टमाटर, मिर्च, खीरा, कद्दू, हल्दी और धनिया के पौधे तक सूख चुके हैं। आलोक ने बताया कि उनके पास करीब 15 मवेशी हैं, जिनमें गाय और भैंस शामिल हैं। पशुओं को पानी पिलाने और नहलाने के लिए डीजल जनरेटर का सहारा लेना पड़ा, लेकिन अत्यधिक गर्मी के चलते वह भी खराब हो गया। अब प्रतिदिन 500 रुपये किराए पर दूसरा डीजी सेट लाने के साथ 500 रुपये डीजल पर खर्च करना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि बिजली आपूर्ति बहाल न होने से उन्हें लगातार आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। अवर अभियंता जगदीशपुर सुनील कुमार मौर्या ने बताया कि आंधी में 52 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए थे। इनमें 37 बदले जा चुके हैं, जबकि चार ट्रांसफार्मर शुक्रवार को बदले जाएंगे। शेष 11 ट्रांसफार्मर भी जल्द बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 22, 2026, 08:32 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


VIDEO: आंधी में क्षतिग्रस्त लाइन से ठप पड़े निजी नलकूप, सूखने लगी फसलें #SubahSamachar