VIDEO: फर्जी एफआईआर में फंसाने का लगाया आरोप, मार्केट बंद कर किया व्यापारियों ने किया प्रदर्शन

शिवगढ़ (रायबरेली)। दुष्कर्म के मामले में एसपी के निर्देश पर एफआईआर दर्ज होने के बाद रविवार को घटनाक्रम में नया मोड़ आ गया। रविवार को आरोपी पक्ष ने दलालों पर गंभीर आरोप लगाए और व्यापारियों ने मार्केट बंद कर जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान आरोपी की मां की तबियत बिगड़ गई जिसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उधर,नाम न छापने की शर्त पर आरोपी पक्ष के परिजनों ने आरोप लगाया कि एफआईआर दर्ज न होने और कार्रवाई न किए जाने का भरोसा दिलाकर कुछ कथित दलालों ने उनसे कई लाख रुपये लिए हैं। परिजनों का कहना है कि इस संबंध में उनके पास जो भी जानकारी और साक्ष्य हैं, उन्हें सामने लाकर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि मामले में निर्दोष लोगों को फर्जी तरीके से फंसाया गया है। उनका कहना था कि पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद के चलते इस तरह के आरोप लगाए गए हैं। इधर किशोरी को ले जाने और दुष्कर्म के मामले में पीड़िता और उसकी मां ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि आरोपी और उनके परिवार के लोग उन पर प्राथमिकी वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। आरोप है कि प्राथमिकी वापस न लेने पर मां-बेटी दोनों को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पीड़िता की मां ने वीडियो में आरोप लगाया कि सुलह-समझौता के लिए लोग उनके घर पहुंचे थे। इससे परिवार में भय का माहौल है। मां-बेटी ने पुलिस अधीक्षक और मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाते हुए सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि आरोपी की मां की तबीयत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल भेजा गया है।उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने प्राथमिकी दर्ज न कराने अथवा कार्रवाई न कराने के नाम पर पैसे लिए हैं तो इसकी शिकायत पुलिस से की जाए। शिकायत और साक्ष्य मिलने पर संबंधित कथित दलालों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की पुलिस जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Aug 16, 2026, 10:58 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


VIDEO: फर्जी एफआईआर में फंसाने का लगाया आरोप, मार्केट बंद कर किया व्यापारियों ने किया प्रदर्शन #SubahSamachar