video: कड़ी निगरानी के बीच शुरू हुई सीटेट की परीक्षा, जांच के बाद मिला प्रवेश
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटेट) शनिवार को कड़ी सुरक्षा व निगरानी के बीच शांतिपूर्ण तरीके से शुरू हो गई। परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही परीक्षार्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। प्रवेश द्वार पर सघन जांच, मेटल डिटेक्टर स्कैनिंग और आइरिस स्कैन के बाद ही छात्रों को केंद्र के अंदर जाने की अनुमति दी गई। शहर के गांधी विद्यालय रेलवे कॉलोनी स्थित परीक्षा केंद्र पर छात्र-छात्राएं निर्धारित समय से पहले ही केंद्र पर पहुंच गए थे। केंद्र के गेट पर सख्त जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। केंद्र के प्रधानाचार्य मेजर राजेश द्विवेदी ने बताया कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और नियमों के तहत कराई जा रही है। किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो, इसके लिए सीसीटीवी कैमरे, जैमर और पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल भी तैनात किया गया है ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रहे और किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। परीक्षार्थियों को मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी गई।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 07, 2026, 05:53 IST
video: कड़ी निगरानी के बीच शुरू हुई सीटेट की परीक्षा, जांच के बाद मिला प्रवेश #SubahSamachar
