VIDEO: मौत के बाद भी नहीं मिले अपने, मां को इंसानियत ने दी अंतिम विदाई

एक मां की मौत और उसके आठ वर्षीय बेटे के अकेले पड़ जाने की मार्मिक कहानी ने हर किसी को भावुक कर दिया। महिला की बीमारी और पारिवारिक परिस्थितियों ने पहले ही मां-बेटे का जीवन संघर्षमय बना रखा था। मौत के बाद जब रिश्तेदारों ने भी साथ छोड़ दिया तो आखिरकार इंसानियत ने आगे बढ़कर अपना फर्ज निभाया। दो जून को एक एंबुलेंस गंभीर हालत में एक महिला को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंची थी। उसके साथ केवल उसका आठ साल का बेटा था। महिला की हालत नाजुक होने के कारण चिकित्सकों ने तत्काल इलाज शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद बृहस्पतिवार को उसकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद अस्पताल प्रशासन ने बच्चे से उसके परिजनों के बारे में जानकारी ली। बच्चे ने बताया कि उसकी मां की बीमारी के चलते उसके पिता ने दूसरी शादी कर ली थी। उसने अपनी मौसी के बेटे का मोबाइल नंबर भी दिया। अस्पताल प्रशासन ने संपर्क किया, लेकिन परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया। रिश्तेदारों के मुंह मोड़ लेने के बाद महिला का शव कई घंटों तक मेडिकल कॉलेज की मर्च्युरी में रखा रहा। एक ओर मां को खोने का गम झेल रहा मासूम था, तो दूसरी ओर अंतिम विदाई के इंतजार में पड़ी मां की देह। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर गया। शुक्रवार को समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों ने आगे आकर मानवता का परिचय दिया। भाजपा जिला उपाध्यक्ष वंदना गुप्ता, विकास जायसवाल तथा मारवाड़ी युवा मंच के सदस्यों ने महिला का कच्चे बाबा आश्रम में हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार कराया। अब प्रशासन बच्चे के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में कदम उठा रहा है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 05, 2026, 15:45 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


VIDEO: मौत के बाद भी नहीं मिले अपने, मां को इंसानियत ने दी अंतिम विदाई #SubahSamachar