VIDEO : तारुन में प्रधानों ने बांटी मिठाई, कार्यकाल बढ़ने पर जताई खुशी
प्रदेश सरकार द्वारा ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाए जाने के फैसले के बाद तारुन ब्लॉक में जश्न का माहौल रहा। प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश सिंह "कक्कू" के नेतृत्व में ग्राम प्रधानों, पंचायत प्रतिनिधियों और पंचायत विकास मंच के पदाधिकारियों ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई। सभी ने इस फैसले को गांवों के विकास के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि इस समय गांवों में सड़क, नाली, इंटरलॉकिंग, पंचायत भवन, पेयजल और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य तेजी से चल रहे हैं। कार्यकाल बढ़ने से अधूरी परियोजनाओं को पूरा करने का अवसर मिलेगा और विकास की रफ्तार थमने नहीं पाएगी। प्रधान संघ अध्यक्ष सुरेश सिंह "कक्कू" ने कहा कि सरकार का यह निर्णय ग्रामीण जनता के हित में लिया गया बड़ा फैसला है। इससे पंचायतों की योजनाओं में निरंतरता बनी रहेगी और गांवों को नई दिशा मिलेगी। अब प्रधान पहले से ज्यादा जिम्मेदारी और मजबूती के साथ गांवों के विकास में जुटेंगे। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने खंड विकास अधिकारी आनंद कुमार श्रीवास्तव तथा ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि फयाराम वर्मा को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। ब्लॉक मुख्यालय पर ढोल-नगाड़ों और बधाइयों के बीच प्रधानों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष राजेश तिवारी, संरक्षक कृपा शंकर गिरी, उपाध्यक्ष विनोद सिंह, मंत्री रामचंद्र यादव, संगठन मंत्री प्रदीप गुप्ता, ग्राम प्रधान संदीप वर्मा, घनश्याम चौरसिया, मोहन यादव, धनंजय सिंह, अनिल कुमार, प्रधान प्रतिनिधि संतराम चौधरी सहित बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 27, 2026, 17:48 IST
VIDEO : तारुन में प्रधानों ने बांटी मिठाई, कार्यकाल बढ़ने पर जताई खुशी #SubahSamachar
