VIDEO: दुकान में लगी भीषण आग, पांच लाख रुपए के बर्तन और पंद्रह लाख रुपए के कपड़े जले

अमानीगंज। खंडासा थाना क्षेत्र के अंजरौली बाजार में मंगलवार देर रात एक वस्त्रालय और बर्तन भंडार में अचानक आग लगने से लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में दुकान के साथ मकान को भी नुकसान पहुंचा है। जानकारी के अनुसार बाजार निवासी उमा गुप्ता पत्नी दयाशंकर गुप्ता की विंध्या वस्त्रालय एवं बालाजी बर्तन भंडार नाम से दुकान है। दुकान से सटे मकान में परिवार निवास करता है। मंगलवार रात करीब 11 बजे उमा गुप्ता ने दुकान से धुआं उठता देखा। शटर खोलते ही अंदर आग की तेज लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया, लेकिन तब तक दुकान में रखा लाखों रुपए का कपड़ा और बर्तन जलकर राख हो चुका था। आग की तेज गर्मी से मकान की दीवारों में भी जगह-जगह दरारें पड़ गईं। दुकान मालिक दयाशंकर गुप्ता ने बताया कि आग में करीब पांच लाख रुपए के बर्तन और लगभग पंद्रह लाख रुपए के कपड़े जल गए हैं। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 27, 2026, 10:16 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


VIDEO: दुकान में लगी भीषण आग, पांच लाख रुपए के बर्तन और पंद्रह लाख रुपए के कपड़े जले #SubahSamachar