यमुनानगर: टोल फ्री सुविधा की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, आधा घंटा बंद रही लेन
सहारनपुर-पंचकुला नेशनल हाईवे पर स्थित मिल्क माजरा टोल प्लाजा पर रविवार को भटली गांव के ग्रामीणों ने टोल फ्री सुविधा की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने टोल प्लाजा की एक लेन करीब आधा घंटा बंद कर नारेबाजी की, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। ** ग्रामीणों का कहना है कि गांव के कई किसानों की कृषि भूमि टोल प्लाजा के दूसरी ओर स्थित है। वर्षों से किसान बिना शुल्क दिए अपनी जमीन तक आते-जाते रहे हैं, लेकिन हाल ही में टोल संचालन नई कंपनी के पास जाने के बाद उनकी निशुल्क आवाजाही बंद कर दी गई है। इससे किसानों को रोजाना आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि खेती-बाड़ी के कार्यों के लिए उन्हें दिन में कई बार टोल पार करना पड़ता है। ऐसे में हर बार शुल्क देना संभव नहीं है। प्रदर्शन में शामिल अनुज, संदीप, नवीन, जसपाल, धर्मबीर और सुमित सहित अन्य ग्रामीणों ने मांग की कि आसपास के गांवों के किसानों और स्थानीय निवासियों को पहले की तरह टोल में छूट दी जाए। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही थाना छप्पर पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अजय ने ग्रामीणों और टोल प्रबंधन के बीच बातचीत कर माहौल शांत कराया। ग्रामीणों का आरोप है कि टोल मैनेजर ने स्थानीय लोगों को टोल फ्री सुविधा देने से इनकार कर दिया, जिसके चलते उन्हें प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 24, 2026, 12:40 IST
यमुनानगर: टोल फ्री सुविधा की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, आधा घंटा बंद रही लेन #SubahSamachar
