Video: सीपीआर से वार्ड बॉय और हाउस कीपर ने छात्र को दिया जीवनदान

मंडी जिले के गुटकर क्षेत्र में सीपीआर प्रशिक्षण की महत्ता उस समय देखने को मिली, जब निजी अस्पताल के दो स्टाफ कर्मियों ने डूबे हुए एक स्कूली छात्र को समय रहते नया जीवनदान दे दिया। घटना बुधवार की है। जानकारी के अनुसार तीन स्कूली छात्र सुकेती खड्ड में नहाने के लिए उतरे थे। इनमें एक 17 वर्षीय छात्र को तैरना नहीं आता था। वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने शोर सुनकर छात्र को किसी तरह पानी से बाहर निकाला। इसी दौरान पास स्थित निजी अस्पताल के वार्ड बॉय रजत और हाउस कीपर बलदेव भी मौके पर पहुंच गए। दोनों ने बिना समय गंवाए छात्र को सीपीआर देना शुरू किया। लगातार प्रयास के बाद छात्र की सांसें लौट आईं। इसके बाद उसे तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। निजी अस्पताल के एमडी डॉ. संदीप बांगा ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन अपने स्टाफ को नियमित रूप से सीपीआर और अन्य जीवनरक्षक तकनीकों का प्रशिक्षण देता है। उन्होंने कहा कि वार्ड बॉय रजत और हाउस कीपर बलदेव ने सूझबूझ और प्रशिक्षण के दम पर छात्र की जान बचाकर सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का प्रशिक्षण स्कूलों और आम लोगों तक भी पहुंचना चाहिए, ताकि आपात स्थिति में अधिक से अधिक लोगों की जान बचाई जा सके।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 14, 2026, 21:07 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


Video: सीपीआर से वार्ड बॉय और हाउस कीपर ने छात्र को दिया जीवनदान #SubahSamachar