Video: नीट पेपर लीक के विरोध में कुनिहार में फूटा युवाओं का गुस्सा

नीट पेपर लीक मामले को लेकर कुनिहार के ओल्ड बस स्टैंड पर युवाओं का गुस्सा फूट पड़ा। राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के संयोजक रुमित सिंह ठाकुर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और युवाओं ने प्रदर्शन कर केंद्र व राज्य सरकारों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। रुमित सिंह ठाकुर ने कहा कि देश का युवा आज डिग्रियां लेकर रोजगार की आस में बैठा है। लेकिन लगातार हो रहे पेपर लीक और परीक्षाओं के रद्द होने से युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेला जा रहा है। उन्होंने कहा कि लाखों छात्र कठिन मेहनत और वर्षों की तैयारी के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं में बैठते हैं। लेकिन भ्रष्ट व्यवस्था के कारण उनके सपने टूट रहे हैं। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों के साथ अत्यधिक सख्ती बरती जा रही है। परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों के धार्मिक धागे कटवाने, लड़कियों के हेयरबैंड उतरवाने और कपड़ों की जांच जैसी घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण हैं। इसके बावजूद यदि पेपर लीक हो जाते हैं तो यह पूरी परीक्षा प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। रुमित सिंह ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2022 में हिमाचल प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा का पेपर भी लीक हुआ था। उस मामले में भी युवाओं को भारी नुकसान उठाना पड़ा था। उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों से युवाओं का भरोसा व्यवस्था से उठता जा रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी आने वाले समय में पूरे प्रदेश में युवाओं के अधिकारों और रोजगार से जुड़े मुद्दों को लेकर सड़कों पर उतर कर आंदोलन तेज करेगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 21, 2026, 16:26 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


Video: नीट पेपर लीक के विरोध में कुनिहार में फूटा युवाओं का गुस्सा #SubahSamachar