Ujjain News: बेटी की शादी कर लौट रहे परिजनों की बस पर ग्रामीणों ने किया हमला, तीन लोगों को आई गंभीर चोट

इंदौर जिले के सांवेर थाना क्षेत्र के ग्राम खान बड़ोदिया में बारातियों से भरी एक बस पर हमले का मामला सामने आया है। महू से उज्जैन लौट रहे एक परिवार ने आरोप लगाया है कि चाय की दुकान पर हुए विवाद के बाद ग्रामीणों ने बस पर हमला कर दिया, जिसमें महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के साथ मारपीट की गई। मामले में पुलिस कंट्रोल रूम पर शिकायत दर्ज कराई गई है। जानकारी के अनुसार, आगर रोड स्थित राजीव नगर निवासी एक परिवार अपनी बेटी की शादी के सिलसिले में मऊ (महू) गया था। शादी समारोह के बाद परिजन, रिश्तेदार और पड़ोसी बस से उज्जैन लौट रहे थे। रास्ते में सांवेर थाना अंतर्गत ग्राम खान बड़ोदिया में बस चालक ने चाय पीने के लिए बस रोक दी। बताया जा रहा है कि बस चालक वाहन को दुकान के पास खड़ा कर अपने घर चला गया। पढ़ें:भस्म आरती में उमड़ा आस्था का सैलाब, महाकाल के त्रिनेत्र स्वरूप के दिव्य दर्शन; भक्त हुए निहाल इसी दौरान चाय दुकान संचालक ने बस हटाने को लेकर आपत्ति जताई और कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया। बस में बैठे बारातियों ने जब इसका विरोध किया तो आरोप है कि दुकान संचालक ने ग्रामीणों को बुला लिया। देखते ही देखते 50 से अधिक लोग मौके पर पहुंच गए और बस पर हमला कर दिया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने बस में सवार महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के साथ मारपीट की। किसी तरह जान बचाकर सभी लोग उज्जैन पहुंचे। उज्जैन पहुंचने के बाद पीड़ितों ने पुलिस कंट्रोल रूम पर शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पीड़िता दीपमाला शर्मा ने बताया कि वे लोग बेटी की शादी कर वापस उज्जैन लौट रहे थे, तभी खान बड़ोदिया गांव में उन पर हमला हुआ। उनके अनुसार, तीन लोगों को गंभीर चोटें आई हैं और हड्डियों में फ्रैक्चर हुआ है। साथ ही हमलावरों द्वारा जेवरात और अन्य सामान लूटने का भी आरोप लगाया गया है। फिलहाल मामले की जांच की मांग की गई है। पुलिस की ओर से शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 23, 2026, 07:18 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Ujjain News: बेटी की शादी कर लौट रहे परिजनों की बस पर ग्रामीणों ने किया हमला, तीन लोगों को आई गंभीर चोट #CityStates #Crime #MadhyaPradesh #Ujjain #UjjainNews #UjjainHindiNews #UjjainViralNews #UjjainCrimeNews #SubahSamachar