Hisar: बिजली कटों से परेशान रोहिल्ला के ग्रामीण आक्रोशित, बोले- समाधान नहीं हुआ तो करेंगे रोड जाम

लगातार बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से परेशान रोहिल्ला गांव के ग्रामीणों का गुस्सा शनिवार को फूट पड़ा। ग्रामीणों ने बिजली निगम के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे सड़क जाम कर आंदोलन तेज करेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पंचायती भूमि पर बिजलीघर होने के बावजूद रोजाना लंबे-लंबे बिजली कट लगाए जा रहे हैं। बिजली आने पर भी वोल्टेज इतना कम रहता है कि पंखे, कूलर और अन्य घरेलू उपकरण ठीक से नहीं चल पाते। इससे भीषण गर्मी में लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रोहिल्ला फीडर से दूसरे गांवों के साथ-साथ कई फैक्ट्रियों को भी जोड़ दिया गया है। इससे फीडर पर अत्यधिक लोड बढ़ गया है और गांव के उपभोक्ताओं को बार-बार बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि वे पहले भी कई बार बिजली निगम के अधिकारियों के समक्ष यह समस्या उठा चुके हैं और प्रदर्शन भी कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि गांव जगमग योजना में शामिल है, फिर भी योजना का अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा। निर्धारित समय तक निर्बाध बिजली आपूर्ति के दावे केवल कागजों तक सीमित हैं। ग्रामीणों ने मांग की कि रोहिल्ला फीडर पर बढ़ा हुआ अतिरिक्त लोड कम किया जाए, गांव को पर्याप्त वोल्टेज के साथ नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण सड़क जाम कर बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। पहले भी उठ चुकी है समस्या ग्रामीण अनिल उर्फ पीरी रुहल, संदीप शर्मा, अजय रोहिवाल, ओमप्रकाश शर्मा, संदीप बेनीवाल, जिंदर गोस्वामी ने बताया भिवानी रोहिल्ला गांव में बिजली संकट का मुद्दा पहले भी कई बार उठ चुका है। गांव में बिजलीघर होने के बावजूद पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति नहीं मिल रही। पूर्व में भी उन्होंने बिजली निगम को ज्ञापन सौंपे, अधिकारियों से मुलाकात की और प्रदर्शन किए, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। लगातार बढ़ते कट और लो-वोल्टेज ने अब ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे दिया है, जिसके चलते उन्होंने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 28, 2026, 07:55 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Hisar: बिजली कटों से परेशान रोहिल्ला के ग्रामीण आक्रोशित, बोले- समाधान नहीं हुआ तो करेंगे रोड जाम #CityStates #Hisar #Haryana #SubahSamachar