Sonipat News: ईंट भट्ठों और फैक्टरियों में जाकर बच्चों को पिलाई पोलियोरोधी दवा
संवाद न्यूज एजेंसीसोनीपत। राष्ट्रीय पल्स पोलियो उन्मूलन अभियान के तहत शनिवार को आशा कार्यकर्ताओं और फील्ड स्टाफ के माध्यम से फैक्टरियों व ईंट भट्ठों पर जाकर 0-5 साल तक के बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाई गई। साथ ही नागरिक अस्पताल से शहर में पोलियो जागरूकता रैली निकाली गई। सिविल सर्जन डॉ. अनुराधा जैन ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रविवार को पोलियो उन्मूलन दिवस मनाया जाएगा। 30 जून तक दवा पिलाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य है कि जिले का कोई भी पात्र बच्चा पोलियोरोधी दवा पीने से न छूटे।सिविल सर्जन डॉ. अनुराधा जैन ने बताया कि अभियान के तहत जिले में लगभग 2,02,028 बच्चों को पोलियोरोधी खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लगभग 870 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। 3,480 स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा ईंट-भट्टों, निर्माण स्थलों एवं अन्य प्रवासी क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विशेष मोबाइल टीमें भी तैनात की गई हैं।जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नीरज यादव ने बताया कि इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों व महिला एवं बाल विकास विभाग का भी सक्रिय सहयोग रहेगा ताकि प्रत्येक पात्र बच्चे को पोलियोरोधी दवा पहुंचाई जा सके। इस दौरान स्वास्थ्य निदेशक ईश्वर लाल, पोलियो कार्यक्रम सहायक विक्रम सिंह, सुरेंद्र कुमार भी उपस्थित रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 27, 2026, 20:11 IST
Sonipat News: ईंट भट्ठों और फैक्टरियों में जाकर बच्चों को पिलाई पोलियोरोधी दवा #VisitedBrickKilnsAndFactoriesAndAdministeredPolioVaccineToChildren. #SubahSamachar
