Railway: अब विवेक, अवध असम और झेलम एक्सप्रेस समेत इन 11 ट्रेनों की होगी खास निगरानी; जानें क्या है वजह

लंबी दूरी की ट्रेनों में सफाई व्यवस्था बेहतर करने के लिए भारतीय रेलवे ने नई पहल की है। रेलवे बोर्ड ने 40 घंटे या उससे अधिक यात्रा वाली 11 ट्रेनों की पहचान की है। इन ट्रेनों में सफाई और रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसकी नियमित निगरानी भी होगी। रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे के महाप्रबंधकों को इस संबंध में पत्र भेजा है। इसमें कहा गया है कि लंबी यात्रा के दौरान भी ट्रेनों में सफाई बनी रहनी चाहिए। इसलिए इन ट्रेनों को उच्च प्राथमिकता में रखा गया है। पहले चरण में विवेक एक्सप्रेस, अवध असम एक्सप्रेस, रानी कमलापति-अगरतला साप्ताहिक एक्सप्रेस, अहमदाबाद-सहरसा एक्सप्रेस, दानापुर-एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस, पुणे-सुपौल एक्सप्रेस, अम्रपाली एक्सप्रेस, झेलम एक्सप्रेस, राजगीर-मुंबई लोकमान्य तिलक टर्मिनस जनता एक्सप्रेस, हावड़ा-इस्लामपुर एक्सप्रेस और अमृतसर-सहरसा गरीब रथ एक्सप्रेस को शामिल किया गया है। बोर्ड ने इन ट्रेनों में टॉयलेट की सफाई और पानी की उपलब्धता पर भी ध्यान देने को कहा है। वेस्ट मैनेजमेंट और छोटी-मोटी खराबियों को भी समय पर दूर करना होगा। रेलवे ने रास्ते में आने वाले क्लीन ट्रेन स्टेशन (सीटीएस) पर भी इन ट्रेनों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। संबंधित डिवीजन के डीआरएम की जिम्मेदारी होगी कि ट्रेन के पहुंचने पर पर्याप्त कर्मचारी मौजूद रहें। सफाई के लिए जरूरी मशीनरी और सामान भी उपलब्ध रखना होगा। ट्रेनों के शुरुआती और अंतिम स्टेशनों के अलावा रास्ते में तय निरीक्षण बिंदुओं पर भी सफाई की जांच होगी। कोच और शौचालयों की सफाई के समय-मुद्रित फोटो लिए जाएंगे। इससे सफाई व्यवस्था की निगरानी की जाएगी। अधिकारियों और पर्यवेक्षकों को हर सप्ताह सफाई व्यवस्था की समीक्षा करनी होगी। क्लीन ट्रेन स्टेशन पर ट्रेन पहुंचने से पहले पर्याप्त कर्मचारी, सफाई सामग्री और जरूरी उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 07, 2026, 16:34 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Railway: अब विवेक, अवध असम और झेलम एक्सप्रेस समेत इन 11 ट्रेनों की होगी खास निगरानी; जानें क्या है वजह #IndiaNews #National #Railway #SubahSamachar