Prayagraj : पंचायत चुनाव की वोटर लिस्ट में फिर होगा मतदाताओं का सत्यापन, 21 अप्रैल से शुरू होगी प्रक्रिया
पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में शामिल मतदाताओं का एक बार फिर सत्यापन किया जाएगा ताकि कोई भी अपात्र मतदाता वोटर लिस्ट में शामिल न हो। यह प्रक्रिया 21 अप्रैल से 28 मई तक चलेगी। जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार वर्मा की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली (वोटर लिस्ट) से संबंधित कार्रवाई के लिए आंशिक संशोधन करते हुए समय सारिणी जारी की गई है। इसी क्रम में प्रयागराज 21 अप्रैल से 28 मई तक मतदाताओं के डी-डुप्लीकेशन व कंप्यूटरीकरण की कार्रवाई होगी। इस दौरान वोटर लिस्ट में शामिल मतदाताओं को सत्यापन किया जाएगा और अगर किसी फर्जी वोटर का नाम मतदाता सूची में दर्ज पाया जाता है तो उसका नाम वोटर लिस्ट से हटाया जाएगा। इस प्रक्रिया से वोटर लिस्ट को त्रुटिहीन व पारदर्शी बनाने की कवायद है ताकि कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं और अपात्र मतदाता वोटर लिस्ट में शामिल न हो। कंप्यूटरीकरण के बाद 29 मई से नौ जून तक मतदान केंद्र/स्थलों का क्रमांकन होगा, मतदेय स्थलों के वार्डों की मैपिंग की जाएगी, मतदाता क्रमांकन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। एसवीएन आवंटन होगा, मतदाता सूची को डाउनलोड किया जाएगा और फोटो कॉपी आदि की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 10 जून को जनसामान्य के लिए वोटर लिस्ट का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 19, 2026, 10:29 IST
Prayagraj : पंचायत चुनाव की वोटर लिस्ट में फिर होगा मतदाताओं का सत्यापन, 21 अप्रैल से शुरू होगी प्रक्रिया #CityStates #Prayagraj #PanchayatChunav2026 #PrayagrajNewsToday #PanchayatChunav #SubahSamachar
