Mandi News: भवन न मिलने पर दी घेराव करने की चेतावनी
मंडी। हिमालयन दिव्यांग कल्याण संस्था ने जिला प्रशासन और जिला कल्याण विभाग के दिव्यांगों के प्रति उदासीन रवैये के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संस्था ने आरोप लगाया है कि बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद दिव्यांगों के लिए प्रस्तावित दिव्यांग भवन उन्हें नहीं सौंपा जा रहा है। संस्था ने जिला प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि अगले 10 दिनों के भीतर भवन दिव्यांगों के हवाले नहीं किया गया तो जिला कल्याण विभाग का घेराव किया जाएगा। संस्था की जिला प्रधान हेमलता पठानिया ने कहा कि वह लंबे समय से अपने लिए एक भवन की मांग कर रहे हैं। 27 मार्च को एडीसी मंडी और जिला कल्याण विभाग ने उन्हें आश्वासन दिया था कि भवन का कार्य पूरा हो चुका है और 7 से 8 दिन में उन्हें भवन मिल जाएगा। महीनों बीत जाने के बाद भी यह वादा पूरा नहीं हुआ है। नौ जून को उपायुक्त ने भी लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए थे कि इस काम को जल्द निपटाया जाए लेकिन विभाग ने निर्देशों को अनसुना कर दिया। हद तो तब हो गई जब 22 जून को जिला कल्याण अधिकारी ने स्पष्ट मना कर दिया कि वह यह भवन दिव्यांगों को नहीं दे सकते। संस्था ने सवाल उठाया है कि जब प्रस्ताव और औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं तो फिर यह आनाकानी क्यों की जा रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 23, 2026, 17:04 IST
Mandi News: भवन न मिलने पर दी घेराव करने की चेतावनी #WarningIssuedToLaySiegeIfBuildingIsNotProvided. #SubahSamachar
