Weather Forecast 29 May 2026: देखिए क्या है आपके यहां मौसम का हाल | Weather Report Today
दिल्ली-एनसीआर में पिछले एक सप्ताह से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच अब मौसम ने राहत के संकेत देने शुरू कर दिए हैं। लगातार 42 डिग्री के पार पहुंच रहे तापमान के बाद बृहस्पतिवार को राजधानी के लोगों को थोड़ी राहत मिली, जब अधिकतम तापमान पांच दिनों बाद 42 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। हालांकि दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया, लेकिन शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी के साथ आसमान में अंधेरा छा गया। मौसम विभाग ने पहले ही बृहस्पतिवार रात से आंधी और बारिश की संभावना जताई थी। दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र पर अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा। 23 मई के बाद से राजधानी का तापमान लगातार 42 डिग्री के पार बना हुआ था, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ रहा था। मौसम विभाग के अनुसार अब दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। विभाग ने अनुमान जताया है कि 31 मई तक आंधी और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में 6 से 7 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। शुक्रवार के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक दिन के समय 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूल भरी हवाएं चल सकती हैं। वहीं शाम के समय हवाओं की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है। इसके साथ ही हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण उत्तर भारत के मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। इसका असर सिर्फ दिल्ली-एनसीआर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पंजाब, हरियाणा, पूर्वोत्तर राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश में भी मौसम बदला हुआ नजर आएगा। इन इलाकों में अगले तीन से चार दिनों तक तेज हवाएं, आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है। विभाग के अनुसार इस दौरान अधिकतम तापमान 34 से 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। हालांकि राहत ज्यादा दिनों तक टिकने वाली नहीं है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले सप्ताह की शुरुआत से तापमान फिर बढ़ना शुरू हो जाएगा और तीन जून तक पारा दोबारा 40 डिग्री के पार पहुंच सकता है। खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन और संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों से भी अपील की गई है कि आंधी और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें। खास तौर पर पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर ढांचों के पास खड़े न हों और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 29, 2026, 05:59 IST
Weather Forecast 29 May 2026: देखिए क्या है आपके यहां मौसम का हाल | Weather Report Today #IndiaNews #National #AfternoonWeatherForecastUk #AmarUjala #BdWeatherUpdateToday #DailyWeatherForecast #DailyWeatherForecastUk #DailyWeatherUpdate #ForecastToday #MetOfficeWeather #MetOfficeWeatherForecast #PagasaWeatherUpdateToday #SubahSamachar
