Weather: धूल भरी आंधी, ओले और बारिश के बाद फिर सताएगी भीषण गर्मी; नौ मई से करवट लेगा मौसम
देश के मौसम में एक बार फिर बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। कश्मीर और आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत सहित कई हिस्सों में तेज हवाएं, गरज-चमक, धूल भरी आंधी, हल्की बारिश और ओलावृष्टि का दौर शुरू होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली- एनसीआर समेत उत्तर भारत में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड और ओडिशा में गरज के साथ ओले गिरने की आशंका है। इसके साथ ही देश के कई हिस्सों में भारी बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है, लेकिन इस अस्थायी राहत के बाद तापमान में तेज बढ़ोतरी के संकेत हैं, जिससे गर्मी फिर जोर पकड़ सकती है। राहत की बात यह है कि फिलहाल लू का अंदेशा कहीं नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार आज हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली- एनसीआर सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक का असर देखने को मिल सकता है। इस दौरान धूल भरी आंधी और कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है, जिससे अल्पकालिक राहत मिलेगी। पूर्वी भारत में ओलावृष्टि और तेज तूफान की चेतावनी पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड और ओडिशा में आज गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि होने का पूर्वानुमान है। वहीं छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, झारखंड, ओडिशा और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के चलने की आशंका जताई गई है। पूर्वोत्तर और पश्चिम भारत में भी असर नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के साथ राजस्थान में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। तापमान में तेज उतार चढ़ाव के संकेत मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में 9 मई तक अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है, जिससे कुछ दिनों की राहत के बाद गर्मी फिर तेज होगी। वहीं मध्य भारत में 6 मई तक तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिसके बाद इसमें स्थिरता बनी रहेगी। कुछ इलाकों में उमस भरा मौसम आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में उमस भरा मौसम बना रह सकता है। हालांकि फिलहाल देश के अधिकांश हिस्सों में लू चलने का पूर्वानुमान नहीं है, लेकिन तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि के चलते आने वाले दिनों में गर्मी का असर फिर तेज हो सकता है। अन्य वीडियो
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 06, 2026, 01:40 IST
Weather: धूल भरी आंधी, ओले और बारिश के बाद फिर सताएगी भीषण गर्मी; नौ मई से करवट लेगा मौसम #IndiaNews #National #Snowfall #ImdForecastAlert #ImdWeatherAlert #NorthIndia #Delhi #Ncr #Uttarakhand #HimachalPradesh #Up #Punjab #SubahSamachar
