West Asia Tension: अमेरिका-इस्राइल का ईरान पर हमला,आईसीसी कर रहा खिलाड़ियों की सुरक्षित यात्रा के लिए व्यवस्था
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने शनिवार को कहा कि अमेरिका द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद जन्मे हालात को देखते हुए वह टी20 विश्व कप 2026 से जुड़े खिलाड़ियों और अधिकारियों की सुरक्षित वापसी के लिए वैकल्पिक उड़ान योजनाओं पर काम कर रही है। टूर्नामेंट सात फरवरी से भारत और श्रीलंका की मेजबानी में शुरू हुआ था और आठ मार्च को समाप्त होगा। आईसीसी ने बढ़ाई सतर्कता आईसीसी के प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा कि टूर्नामेंट से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्रा, लॉजिस्टिक्स और सुरक्षा टीमें 24 घंटे काम कर रही हैं ताकि सभी खिलाड़ी, मैच अधिकारी, प्रसारणकर्मी और स्टाफ सुरक्षित रूप से अपने-अपने देशों को लौट सकें। आईसीसी ने यह भी स्वीकार किया कि बड़ी संख्या में खिलाड़ी और अधिकारी वापसी के लिए खाड़ी क्षेत्र के हवाई अड्डों, विशेषकर दुबई, को ट्रांजिट हब के रूप में इस्तेमाल करते हैं। मौजूदा हालात को देखते हुए आईसीसी प्रमुख अंतरराष्ट्रीय एयरलाइनों के साथ मिलकर यूरोप, दक्षिण एशिया और दक्षिण-पूर्व एशिया के रास्तों से वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था करने में जुटी है। सुरक्षा सलाहकार संबंधित अधिकारियों के संपर्क में हैं और स्थिति के अनुसार ताजा दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। इसके अलावा एक विशेष आईसीसी ट्रैवल सपोर्ट डेस्क भी सक्रिय कर दिया गया है। आईसीसी ने दोहराया कि वह टी20 विश्व कप 2026 के सुरक्षित और सुचारु समापन के लिए प्रतिबद्ध है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 28, 2026, 17:55 IST
West Asia Tension: अमेरिका-इस्राइल का ईरान पर हमला,आईसीसी कर रहा खिलाड़ियों की सुरक्षित यात्रा के लिए व्यवस्था #CricketNews #National #WestAsiaTension #Icc #T20WorldCup #T20WorldCup2026 #SubahSamachar
