बंगाल चुनाव: TMC को लगा बड़ा झटका, इस विधायक ने छोड़ा पार्टी का साथ; लगाए ये गंभीर आरोप

West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से केवल सात दिन पहले तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। मुर्शिदाबाद जिले की जालंगी विधानसभा सीट से वरिष्ठ विधायक अब्दुर रज्जाक मंडल ने गुरुवार को पार्टी से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया। उनके इस फैसले से चुनावी माहौल में सरगर्मी बढ़ गई है। रज्जाक मंडल लंबे समय से पार्टी से जुड़े थे और स्थानीय स्तर पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। अब्दुर रज्जाक मंडल ने जालंगी के कांटाबाड़ी स्थित अपने कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई। इस दौरान उन्होंने एलान किया वे अब टीएमसी के साथ नहीं रहेंगे। उन्होंने रानीनगर से टीएमसी उम्मीदवार सौमिक हुसैन पर निशाना साधा। रज्जाक ने आरोप लगाया कि पार्टी के भीतर उनके खिलाफ साजिश रची गई। इसी वजह से उन्हें इस बार जालंगी सीट से चुनाव लड़ने का टिकट नहीं दिया गया। रज्जाक ने दावा किया कि सौमिक हुसैन डोमकल सबडिवीजन में अपना दबदबा बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि इसी वर्चस्व की लड़ाई के कारण उनका टिकट काटा गया। पूर्व विधायक ने भविष्यवाणी की कि इस बार डोमकल सबडिवीजन की तीनों सीटों पर तृणमूल कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने चुनाव में बाहरी उम्मीदवारों को उतारने के फैसले की भी कड़ी आलोचना की। इन आरोपों पर पलटवार करते हुए सौमिक हुसैन ने कहा कि टिकट बांटना उनके हाथ में नहीं है। उन्होंने कहा कि रज्जाक को इस बार टिकट नहीं मिला, इसलिए वे गुस्से में बोल रहे हैं। वहीं रज्जाक का कहना है कि उन्हें टिकट न मिलने का दुख नहीं है, बल्कि वे अभिषेक बनर्जी की टिप्पणियों से आहत हैं। रज्जाक के मुताबिक अभिषेक बनर्जी ने एक सभा में उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों का जिक्र किया था। रज्जाक मंडल ने कहा कि वे पिछले 43 वर्षों से राजनीति में हैं और उनकी छवि साफ रही है। बिना किसी चर्चा के उन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाना गलत है। उन्होंने सवाल किया कि ये आरोप किसने लगाए और इसकी जांच क्यों नहीं की गई। इसी अपमान के कारण उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि वे अब एक आम नागरिक की तरह रहना चाहते हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में रज्जाक ने यह भी कहा कि हार का डर टीएमसी नेतृत्व को सता रहा है। उन्हें अंदेशा है कि भविष्य में हार का ठीकरा उन पर फोड़ा जा सकता है। हालांकि उन्होंने राजनीति से संन्यास लेने की बात नहीं कही है। उन्होंने संकेत दिया कि वे भविष्य में किसी और दल में शामिल हो सकते हैं, लेकिन विधानसभा चुनाव के दौरान वे किसी पार्टी का हिस्सा नहीं बनेंगे। उन्होंने कहा कि वे एक सामान्य मतदाता की तरह अपना वोट डालेंगे। रज्जाक ने नाराजगी जताई कि उन्हें किसी भी चुनाव समिति में शामिल नहीं किया गया। उनका मानना है कि स्थानीय उम्मीदवारों की अनदेखी करना पार्टी को भारी पड़ेगा। बंगाल की राजनीति में इस इस्तीफे को टीएमसी के लिए एक बड़े झटके के रूप में देखा जा रहा है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 16, 2026, 16:24 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




बंगाल चुनाव: TMC को लगा बड़ा झटका, इस विधायक ने छोड़ा पार्टी का साथ; लगाए ये गंभीर आरोप #IndiaNews #National #Election #WestBengalElection #Tmc #SubahSamachar