Bareilly News: एसटीएफ ने की गिरफ्तारी तो पत्नी ने ठिकाने लगाई संपत्ति

बरेली। इज्जतनगर थाने में डेढ़ साल पहले पड़ोसियों के खिलाफ दर्ज कराए मामले में एक सीसी फुटेज पुलिस को भी चौंका रहा है। इसमें महिला बैग लेकर आती दिख रही है। आरोपी बनाए दंपती ने बृहस्पतिवार को थाने जाकर सफाई दी कि महिला का पति ही मास्टरमाइंड है। उसकी जमानत न कराने की वजह से ये आरोप लगाए गए हैं। ऐरो सिटी कॉलोनी निवासी प्रतिभा ने अपनी परिचित अंजू शर्मा, रितेश शर्मा, अंजू की बेटी दामिनी गिरि और दामाद संदीप गिरि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया है कि 16 जून 2025 को उन्होंने अपना घरेलू सामान, जरूरी कागजात, पांच लाख रुपये और जेवर अंजू के घर में भरोसे के चलते रखवाए थे। आरोप है कि उनका सामान हड़प लिया गया। पांच मई 2026 को वह अपना सामान लेने पहुंचीं तो आरोपियों ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी और माल हड़प लिया। इस मामले में दामिनी व उसके पति संदीप ने बृहस्पतिवार को थाने जाकर सफाई दी। बताया कि प्रतिभा का पति प्रभाकर त्रिपाठी बुजुर्गों को जवान दर्शाकर बीमा कराने और उनकी मौत के बाद रकम हड़पने का काम करता है। उसने इस धंधे से अकूत संपत्ति कमाई है। पिछले साल 13 जून को एसटीएफ ने उसके गिरोह का खुलासा कर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया था। प्रभाकर को जेल भेजा गया तो उसकी पत्नी ने उन लोगों पर पति की जमानत लेने का दबाव बनाया था। उन्होंने इन्कार कर दिया तो इस तरह का आरोप लगा दिया। उन्होंने एक सीसी फुटेज दिखाई जिसमें प्रतिभा के साथ कुछ लोग बैग लेकर उनके घर से निकलते दिख रहे हैं। बताया कि प्रतिभा ने जो कपड़े आदि उनके घर में रखवाए थे, वही वह लेकर निकल रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 06, 2026, 02:51 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Bareilly News: एसटीएफ ने की गिरफ्तारी तो पत्नी ने ठिकाने लगाई संपत्ति #WhenTheSTFMadeTheArrest #TheWifeDisposedOfTheAssets. #SubahSamachar