Delhi News: महिला को डिजिटल अरेस्ट कर 7.22 लाख की ठगी

पश्चिम बंगाल से तीन आरोपी गिरफ्तार, आरोपियों ने साइबर ठगों को म्यूल बैंक अकाउंट उपलब्ध करवाए थेअमर उजाला ब्यूरो नई दिल्ली। म्यांमार और थाईलैंड में बैठे साइबर ठगों ने महिला को डिजिटल अरेस्ट कर 7.22 लाख की ठगी कर ली। दक्षिण जिले की साइबर थाना पुलिस ने पश्चिम बंगाल से समीरन रॉय, प्रिंस शाह और समर चटर्जी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने साइबर ठगों को म्यूल बैंक अकाउंट उपलब्ध करवाए थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 6 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप, 18 डेबिट कार्ड, 15 सिम कार्ड, 7 चेकबुक, दो रबर की मोहरें और 6 आधार कार्ड व अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। इनके पास से मिले बैंक खातों की पड़ताल कर पता किया जा रहा है कि इन लोगों ने अब तक कितने लोगों को ठगा। दक्षिण जिला के पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने बताया कि 6 जून को दक्षिण दिल्ली में रहने वाली एक महिला ने डिजिटल अरेस्ट कर 7.22 लाख रुपये की ठगी की शिकायत पुलिस को दी थी। पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने खुद को एटीएस मुंबई और सीबीआई अधिकारी बनकर कॉल किया। पीड़िता को पार्सल में गलत सामान होने के नाम पर डराया गया। पीड़िता आरोपियों के झांसे में आ गईं और रकम ट्रांसफर कर दी। साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में पता चला कि ठगी की रकम को कई बैंक खातों में ट्रांसफर किया गया। बाद में रकम को थाईलैंड और म्यांमार भेज दिया गया। ठगी की रकम को ठिकाने लगाने के लिए म्यूल बैंक अकाउंट का इस्तेमाल हुआ। सभी म्यूल बैंक अकाउंट पश्चिम बंगाल से ऑपरेट हो रहे थे। पुलिस ने साउथ-24 परगना और हावड़ा, पश्चिम बंगाल में छापेमारी कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 01, 2026, 17:48 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Delhi News: महिला को डिजिटल अरेस्ट कर 7.22 लाख की ठगी #WomanDefraudedVia'digitalArrest' #SubahSamachar