बेड़ीनाग में महिलाओं का प्रदर्शन: शराब की दुकान का किया विरोध, पानी और शिक्षा की मांग की
महिलाओं ने भरी हुंकार हमें शराब नहीं, पीने का पानी दोशिक्षा दोबेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। विकासखंड के उडियारी बैंड में शराब की नई दुकान खोलने की सुगबुगाहट से क्षेत्र की महिलाओं में भारी आक्रोश है। ग्राम प्रधान हेमा देवी के नेतृत्व में महिलाओं ने प्रदर्शन करते हुए साफ कहा कि उन्हें नशे का अड्डा नहीं बल्कि बुनियादी सुविधाएं चाहिए। पीने के लिए पानी चाहिए, बच्चों के लिए अच्छे शिक्षण संस्थान चाहिए। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जबरन शराब की दुकान खोली गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। ग्राम प्रधान हेमा देवी ने कहा कि पूरे गांव के लोग पानी की बूंद-बूंद के लिए संघर्ष कर रहे हैं। समस्याओं को सुलझाने के बजाय सरकार गांव के बीचोंबीच शराब की दुकान खोलकर माहौल खराब करना चाहती है। उन्होंने मांग की कि शराब की दुकान की जगह अच्छे शिक्षण संस्थान खोले जाएं ताकि बच्चों का भविष्य संवर सके। उन्होंने कहा कि जब तक शराब की दुकान खोलने का फैसला वापस नहीं लिया जाता तब तक उडियारी बैंड में धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों में पार्वती देवी, मुन्नी, गोपा, विमला, कलावती, चंपा देवी, पुष्पा, हंसा, नीमा, सीमा, राजेंद्र महरा, सुरेंद्र सिंह, गोपाल सिंह, सूरज सिंह आदि शामिल रहे। सिस्टम पर सवाल, अवैध शराब पर कार्रवाई सिर्फ दिखावा महिला मंगल दल की अध्यक्ष ममता महरा और ग्राम प्रधान हेमा देवी ने आबकारी विभाग व पुलिस प्रशासन को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब बेची जा रही है जिसकी शिकायत कई बार की गई लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई। इससे स्पष्ट है कि पूरा सिस्टम नशे को बढ़ावा दे रहा है। महिलाओं ने अब खुद ही अवैध शराब बेचने वालों को पकड़कर सजा देने का निर्णय लिया है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 26, 2026, 12:56 IST
बेड़ीनाग में महिलाओं का प्रदर्शन: शराब की दुकान का किया विरोध, पानी और शिक्षा की मांग की #CityStates #Pithoragarh #UttarakhandNews #UkNews #PithoragarhNews #Berinag #UdiyariBandProtest #WomenProtestAgainstLiquorShop #Anti-liquorMovement #DemandForDrinkingWater #SubahSamachar
