Kangra News: स्मार्ट बिजली मीटर के विरोध में धर्मशाला में महिलाओं का प्रदर्शन

धर्मशाला। स्मार्ट बिजली मीटर लगाने के निर्णय के खिलाफ अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी भारी रोष देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को गगल के समीपवर्ती ग्राम पंचायत ढुगियारी और तियारा के करीब छह महिला मंडलों की सैकड़ों महिलाओं ने जिला उपायुक्त कार्यालय के बाहर जोरदार नारेबाजी की और अपना विरोध दर्ज कराया। महिलाओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि बिजली बोर्ड के कर्मचारी स्मार्ट मीटर लगाने के लिए गांवों में प्रवेश करते हैं तो उन्हें कड़े विरोध और घेराव का सामना करना पड़ेगा। निवर्तमान जिला परिषद सदस्य जोगिंद्र सिंह पंकू की अगुवाई में महिलाओं ने जिला प्रशासन के माध्यम से प्रदेश सरकार को एक ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में शामिल आदर्श महिला मंडल तियारा की प्रधान कंचन, गायत्री महिला मंडल की प्रधान कृष्णा मनकोटिया और सरस्वती महिला मंडल की प्रधान सुदेश कुमारी ने कई मुद्दे उठाए। महिलाओं का तर्क है कि वर्तमान बिजली मीटर बिल्कुल सही काम कर रहे हैं, तो उन्हें बदलने की कोई आवश्यकता नहीं है।जब प्रदेश सरकार आर्थिक संकट से गुजर रही है, तो स्मार्ट मीटरों पर करोड़ों रुपये खर्च करना तर्कसंगत नहीं है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क और तकनीकी खामियों के कारण स्मार्ट मीटर से जनता को अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ सकती है। ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि इस योजना पर तुरंत पुनर्विचार किया जाए और ग्रामीण क्षेत्रों को इससे बाहर रखा जाए।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 13, 2026, 20:05 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Kangra News: स्मार्ट बिजली मीटर के विरोध में धर्मशाला में महिलाओं का प्रदर्शन #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #SubahSamachar