Ayodhya News: वाह उस्ताद...शाहिद परवेज के सितार वादन पर झूमे दर्शक
अयोध्या। अभिजात म्यूजिक फोरम के संयोजन में मानस भवन में चल रहे आवासीय शास्त्रीय संगीत सम्मेलन का उल्लास चरम पर पहुंच गया है। बुधवार को सम्मेलन का उद्घाटन सत्र उस समय यादगार बन गया, जब पद्मश्री उस्ताद शाहिद परवेज ने अपने सितार वादन से सभागार को रागात्मक आनंद से भर दिया। जैसे ही उनके सितार की पहली झंकार गूंजी, श्रोता मंत्रमुग्ध हो गए। जटिल तानों और लयकारी की अद्भुत प्रस्तुति पर बार-बार “वाह उस्ताद” की आवाजें गूंजती रहीं।कार्यक्रम में ध्रुपद गायन की परंपरा को सशक्त रूप देते हुए पुणे से पधारे उदय भवलकर ने अपनी गंभीर और साधना-पूर्ण प्रस्तुति से श्रोताओं को भारतीय संगीत की प्राचीन विरासत से जोड़ा। उनकी आवाज की स्थिरता और आलाप की गहराई ने वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया। वहीं युवा गायिका श्रुति विश्वकर्मा ने राग जौनपुरी में अपनी सधी हुई प्रस्तुति देकर श्रोताओं की खूब सराहना बटोरी। उनकी मधुर आवाज और भावपूर्ण गायन ने यह साबित कर दिया कि शास्त्रीय संगीत की परंपरा नई पीढ़ी के हाथों में सुरक्षित है। कार्यक्रम की एक और खास प्रस्तुति पंडित अजय पोहनकर की रही, जिन्होंने सुगम गायन के माध्यम से श्रोताओं को भावनात्मक रूप से जोड़ दिया। उनकी सरल, लेकिन प्रभावशाली प्रस्तुति ने संगीत प्रेमियों को अंत तक बांधे रखा। संगीत प्रेमियों से खचाखच भरे सभागार में हर कलाकार की प्रस्तुति पर तालियों की गूंज सुनाई देती रही। कार्यक्रम के संयोजक मुकुंद अठावले, केशव परांजपे, इरशाद पारकर, अनूप सिंघल ने कलाकारों को सम्मानित किया।बसंत काबरा के सरोद वादन ने मोहा मनमैहर घराने के प्रसिद्ध सरोद वादक बसंत काबरा की प्रस्तुति ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। उन्होंने जैसे ही सरोद पर आलाप छेड़ा, श्रोता सुरों की यात्रा में खो गए। उनकी सधी हुई लयकारी ने दर्शकों को मुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के संयोजक मंडल में शामिल अनूप सिंघल ने बसंत काबरा का अभिनंदन किया। उन्होंने बताया कि मैहर घराना भारतीय उपमहाद्वीप के उत्तरी भागों में उत्पन्न भारतीय शास्त्रीय संगीत की एक शैली है। इस शैली की स्थापना अलाउद्दीन खान ने मैहर रियासत में की थी , जो अब मध्य भारत के मध्य प्रदेश राज्य में स्थित है और इसीलिए इसका नाम मैहर घराना पड़ा। 09-मानसभवनमेंआवासीयसंगीतसम्मेलनमेंप्रस्तुतिदेतेप्रसिद्धसितारवादकबसंतकालरा-संवाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 04, 2026, 20:48 IST
Ayodhya News: वाह उस्ताद...शाहिद परवेज के सितार वादन पर झूमे दर्शक #Wow #Maestro...theAudienceWasCaptivatedByShahidParvez'sSitarPerformance #SubahSamachar
