Kangra News: योग से घट रहा तनाव, सुधर रहा मानसिक स्वास्थ्य

योग दिवस पर विशेष कांगड़ा में दो वर्षों में डेढ़ लाख से अधिक लोग जुड़े योग सेयोग और मानसिक तनाव-जीवनशैली संबंधी बीमारियों से मिल रही राहतअमर उजाला ब्यूरो धर्मशाला। भागदौड़ भरी जिंदगी, बढ़ता काम का दबाव और बदलती जीवनशैली के बीच योग लोगों के लिए तनाव से मुक्ति का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। आयुष विभाग की ओर से कांगड़ा जिले में पिछले दो वर्षों से चलाए गए नियमित योग प्रशिक्षण कार्यक्रमों से डेढ़ लाख से अधिक लोग जुड़े हैं। विभाग का दावा है कि योग अपनाने वाले लोगों में मानसिक तनाव, चिंता और कई जीवनशैली संबंधी समस्याओं में कमी देखने को मिली है।विशेषज्ञों के अनुसार योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नियमित योग और प्राणायाम से मन शांत रहता है, एकाग्रता बढ़ती है और तनाव का स्तर कम होता है। कई मामलों में लोगों की दवाइयों पर निर्भरता भी कम हुई है। आयुष विभाग के अनुसार कोरोना महामारी के बाद लोगों में स्वास्थ्य और रोग प्रतिरोधक क्षमता को लेकर जागरूकता बढ़ी है। इसी के चलते जिले में विभिन्न स्थानों पर नियमित योग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। योग के माध्यम से लोगों को मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है।क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला में भी प्रतिदिन बड़ी संख्या में मानसिक तनाव, चिंता और अवसाद से जुड़े मरीज पहुंच रहे हैं। इसमें बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक शामिल हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि नियमित योग अभ्यास से न केवल तनाव कम होता है बल्कि निर्णय लेने की क्षमता, आत्मविश्वास और मानसिक स्वास्थ्य में भी सुधार आता है। विशेषज्ञों की ओर से भी मरीजों को दवाइयों के साथ योग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिलेभर में होने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया जाएगा।कोट्स- जिले के 161 वेलनेस सेंटरों में योग गाइड लोगों को योग क्रियाएं सिखा रहे हैं। वहीं, चिकित्सा में अभी अगर डॉक्टर मरीज को योग करने के लिए लिख रहे हैं। योग केवल एक दिन नहीं बल्कि जीवन का हिस्सा होना चाहिए। रोजाना योग से कई बीमारियां कम हो रही हैं और लोगों का तनाव भी कम हो रहा है। - डॉ. बृज नंदन शर्मा, जिला आयुष अधिकारी

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 20, 2026, 18:29 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Kangra News: योग से घट रहा तनाव, सुधर रहा मानसिक स्वास्थ्य #YogaIsReducingStressAndImprovingMentalHealth. #SubahSamachar