Op Toofan: 'कानून का हाथ आप तक जरूर पहुंचेगा', केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला की ड्रग नेटवर्क को चेतावनी
केरल सरकार ने राज्य में बढ़ते नशे के कारोबार और मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया है। मुख्यमंत्री वीडी सतीशन और गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि ड्रग माफिया और तस्करी नेटवर्क के खिलाफ किसी भी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी।तिरुवनंतपुरम में अभियान की शुरुआत के दौरान मुख्यमंत्री सतीशन ने कहा कि आज केरल के सामने सबसे बड़ी चुनौती नशे का बढ़ता प्रसार है। उन्होंने चिंता जताई कि राज्य देश के उन राज्यों में शामिल हो गया है जहां नशे की समस्या तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि राज्य की 60 से 65 प्रतिशत आबादी युवा है और विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थ युवाओं तक पहुंच रहे हैं। यह भी पढ़ें- कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन: आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे डीके शिवकुमार, मंत्रिमंडल की सूची भी होगी साफ मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के कारण अपराधों की प्रकृति भी बदल रही है। अपराध पहले की तुलना में अधिक क्रूर और हिंसक होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई मामलों में बच्चे अपने माता-पिता तक की बेरहमी से हत्या कर रहे हैं और इसके पीछे नशे की लत एक बड़ा कारण बन रही है।उन्होंने कहा कि पहले युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों की ओर आकर्षित करने के लिए 'कैच द यंग' का नारा दिया जाता था, लेकिन अब ड्रग माफिया इसी सोच के साथ युवाओं को अपने जाल में फंसा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य इस नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करना है। उन्होंने पुलिस और आबकारी विभाग (एक्साइज) को सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि सरकार उन्हें पूरा समर्थन देगी। वहीं गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने कहा कि राज्य को नशे की गिरफ्त से मुक्त कराने के लिए 'ऑपरेशन तूफान' नाम का विशेष अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने ड्रग तस्करों को चेतावनी देते हुए कहा, 'आप यह काम बंद कर दें, नहीं तो कानून का लंबा हाथ आपको पकड़ लेगा।'गृह मंत्री ने कहा कि राज्य में कई संगठित गिरोह अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क से जुड़े हुए हैं और युवाओं को नशे की ओर धकेल रहे हैं। उन्होंने इन गिरोहों को 'मौत के सौदागर' बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस, आबकारी विभाग, शिक्षा विभाग और स्वास्थ्य विभाग मिलकर इस अभियान को चला रहे हैं। उन्होंने लोगों से भी आगे आकर पुलिस की मदद करने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ड्रग माफिया के बारे में सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि पांच सितारा होटलों और डीजे पार्टियों में भी नशे के इस्तेमाल पर कड़ी नजर रखी जाएगी। यह भी पढ़ें- CBSE की बड़ी कामयाबी: पुनर्मूल्यांकन पोर्टल पर रिकॉर्ड ट्रैफिक, परेशानी दूर होने के बाद छात्र-अभिभावक बेहद खुश सरकारी आंकड़ों के अनुसार, केरल में नशीले पदार्थों से जुड़े मामलों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। वर्ष 2025 में एनडीपीएस कानून के तहत 36,314 मामले दर्ज किए गए, जबकि 2024 में यह संख्या 27,530 थी। वहीं राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के आंकड़ों के अनुसार, 2023 में केरल में देश में सबसे ज्यादा 30,697 एनडीपीएस मामले दर्ज किए गए थे। पुलिस का कहना है कि अंतरराज्यीय संपर्कों के जरिए चल रहे ड्रग नेटवर्क को तोड़ने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई है। सरकार को उम्मीद है कि 'ऑपरेशन तूफान' के जरिए राज्य में नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा और युवाओं को इस खतरे से बचाया जा सकेगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 03, 2026, 02:03 IST
Op Toofan: 'कानून का हाथ आप तक जरूर पहुंचेगा', केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला की ड्रग नेटवर्क को चेतावनी #IndiaNews #National #Kerala #CmVdSatheesan #HomeMinisterRameshChennithala #DrugDistributionCentres #DrugNetworks #Thiruvananthapuram #SubahSamachar
