बरेली: पुलिस की पूछताछ के बाद घर पहुंचा युवक, रात में फंदे से लटका मिला शव, परिवार में मचा कोहराम
बरेली के भुता कस्बा में 20 वर्षीय युवक सुरजीत सिंह की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव घर में ही फंदे से लटका मिला। परिजन के अनुसार, एक किशोरी को ले जाने के आरोप में पुलिस ने सुरजीत को हिरासत में लिया था। तीन दिन उससे पूछताछ की। पूछताछ के बाद बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे परिजनों को सौंपा गया। आरोप है कि पुलिस की प्रताड़ना से आहत होकर उसने फंदा लगाकर जान दे दी। रात करीब 11:00 बजे कमरे में उसका शव फंदे से लटका मिला। इससे परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। मृतक पांच भाइयों में तीसरे नंबर का था। उसके पिता मजदूरी करते हैं। घटना के संबंध में सीओ फरीदपुर संदीप सिंह ने बताया कि लापता किशोरी के मामले की जांच में सीडीआर में युवक की आखिरी कॉल मिली थी। इस पर उसे पूछताछ के लिए बुलाया गया। पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया। तीन दिन हिरासत में रखकर प्रताड़ित करने का आरोप गलत है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 23, 2026, 08:29 IST
बरेली: पुलिस की पूछताछ के बाद घर पहुंचा युवक, रात में फंदे से लटका मिला शव, परिवार में मचा कोहराम #CityStates #Bareilly #UpPolice #PoliceInvestigation #ForensicTeam #YouthDie #SubahSamachar
