Ambikapur News: तेज रफ्तार कार की टक्कर से युवक की मौत, 12 घंटे तक नेशनल हाईवे रहा जाम

अंबिकापुर। सरगुजा जिला के सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-43 (अंबिकापुर-रायगढ़ मार्ग) पर गुतुरमा के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर हाईवे पर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब 12 घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। जानकारी के अनुसार, ग्राम लीचिरमा निवासी देव सिंह (22) मंगलवार देर रात अपनी पल्सर बाइक से खेत जाने के लिए घर से निकला था। घनश्याम राइस मिल के पास स्थित अपने खेत तक पहुंचने के लिए वह ग्रामीण मार्ग से होते हुए गुतुरमा के पास नेशनल हाईवे पर पहुंचा। इसी दौरान सीतापुर की ओर से तेज रफ्तार में पत्थलगांव की दिशा में जा रही मारुति बलेनो कार (क्रमांक सीजी 10 एएच 2355) ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक उछलकर सड़क पर जा गिरा और उसके सिर में गंभीर चोट आई। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और कार चालक सहित एक नाबालिग, दो पुरुषों और एक महिला को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। घटना के बाद एम्बुलेंस के समय पर नहीं पहुंचने से लोगों का आक्रोश और बढ़ गया। बताया गया कि सीतापुर से पहुंचे पुलिसकर्मी शव को अस्पताल ले जाने के लिए एक छोटा मालवाहक वाहन लेकर आए, लेकिन उसमें डीजल भरवाने के लिए पैसे की मांग की गई। इस बात से नाराज ग्रामीणों ने देर रात करीब 12 बजे नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम के चलते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। भारी वाहन जहां-तहां फंस गए, जबकि छोटे और यात्री वाहन गांवों के बाइपास मार्गों से होकर निकलने को मजबूर हुए। इससे लोगों को कई किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ी। ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को 25 लाख रुपये मुआवजा देने तथा डीजल के नाम पर पैसे मांगने वाले पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। रात से शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन सुबह तक जारी रहा। प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। दोपहर करीब 12 बजे पूर्व मंत्री अमरजीत भगत और एडिशनल एसपी अमोलक सिंह टोप्पो घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया और तत्काल राहत के रूप में 25 हजार रुपये प्रदान किए। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मार्ग को बहाल कर यातायात को सामान्य किया गया। वहीं, पूरे मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 01, 2026, 16:55 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Ambikapur News: तेज रफ्तार कार की टक्कर से युवक की मौत, 12 घंटे तक नेशनल हाईवे रहा जाम #CityStates #Crime #Ambikapur #Chhattisgarh #CrimeNews #SubahSamachar