तंज कसने पर बेरहमी से हत्या: दोनों आंखें फोड़ी, पेट भी फाड़ा, हत्या के बाद शव के पास पढ़े संस्कृत के श्लोक
गाजियाबाद के पूठरी गांव में एक ग्रामीण को तंज कसना इतना नागवार गुजरा कि उसने 22 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि आरोपी ने उसकी आंखें फोड़ दीं और शरीर के कई हिस्सों पर दरांती से ताबड़तोड़ वार किए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त दरांती और मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया गया है। डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि मूल रूप से मुजफ्फरनगर के खतौली का निवासी तरुण उर्फ नमित पिछले दो वर्षों से पूठरी गांव में परिवार के साथ किराये पर रह रहा था। सोमवार को गांव से करीब 500 मीटर दूर गन्ने के खेत में उसका शव मिला। वह रविवार शाम से लापता था। पुलिस ने हत्या के आरोप में पूठरी गांव के ही रहने वाले निरांचल उर्फ मंत्री को गिरफ्तार किया है। डीसीपी के अनुसार, आरोपी ने गुनाह स्वीकार कर लिया है। तरुण के परिवार में पिता निर्दोष सैन, मां मधुबाला, भाई कृष्णा और दो बहनें अनुराधा व गुड़िया हैं। सभी भाई-बहनों में तरुण सबसे बड़ा था। उसके पिता मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने आरोपी पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शाम को टहलने निकला, फिर नहीं लौटा पुलिस ने बताया कि तरुण परतापुर के गेझा औद्योगिक क्षेत्र में गद्दा फैक्टरी में काम करता था। रविवार को अवकाश होने के कारण वह शाम करीब पांच बजे टहलने निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। खोजबीन करने के बाद परिजनों ने रात करीब 11:30 बजे ग्राम प्रधान के माध्यम से पुलिस को उसके लापता होने की सूचना दी। सुबह निवाड़ी-पूठरी संपर्क मार्ग के पास पूठरी निवासी रामवीर के खेत में तरुण का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। ग्रामीणों से इसकी सूचना मिलने पर निवाड़ी पुलिस व तरुण के पिता मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की। भंगजी बाबा कहकर उड़ाया था मजाक हत्यारोपी निरांचल उर्फ मंत्री (33) ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि बीते शुक्रवार को तरुण, गांव के ही प्रिंस और उनके कुछ दोस्तों ने उसे भंगजी बाबा कहकर तंज कसते हुए मजाक उड़ाया था। इसी बात से वह आक्रोशित था। आरोपी के अनुसार रविवार शाम उसने तरुण को गांव से निवाड़ी की ओर जाते देखा। तरुण ने उसे फिर भंगजी बाबा कहकर पुकारा। इस पर उसने तरुण पर दरांती से हमला कर दिया। आरोपी ने उसके चेहरे, गर्दन, पेट और निजी अंगों पर कई वार किए। उसने तरुण की दोनों आंखें भी फोड़ दीं और पेट की आंतें तक बाहर निकाल दीं। वारदात के बाद शव को सड़क से खींचकर खेत में ले गया और बोरे में भरने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहने पर शव वहीं छोड़कर भाग गया। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह अन्य लोगों को भी निशाना बनाने की फिराक में था और मजाक उड़ाने वाली घटना के बाद से ही दरांती लेकर घूम रहा था। तीन दिन पहले उसने प्रिंस पर भी हमला किया था, लेकिन लोग पहुंच गए और वह बच गया। सनकी प्रवृत्ति का है आरोपी मोबाइल फोन ले गया घर पुलिस के अनुसार जांच में पता चला कि आरोपी निरांचल सनकी प्रवृत्ति का है और मजदूरी करता है। वह नशे का आदी होने के साथ तांत्रिक क्रियाओं में भी रुचि रखता था। पूछताछ में उसने बताया कि शव के पास संस्कृत के श्लोक भी पढ़े थे। इसके बाद वह मृतक का मोबाइल फोन लेकर घर चला गया, जिसके आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 07, 2026, 01:58 IST
तंज कसने पर बेरहमी से हत्या: दोनों आंखें फोड़ी, पेट भी फाड़ा, हत्या के बाद शव के पास पढ़े संस्कृत के श्लोक #CityStates #Ghaziabad #GhaziabadCrimeNews #GhaziabadPolice #GhaziabadPoliceNews #SubahSamachar
