Delhi NCR News: चिड़ियाघर पशु चिकित्सालय और रेस्क्यू केंद्र होगा अपग्रेड
ऑपरेशन थिएटर, पोस्टमार्टम रूम, लेबोरेटरी, मैटरनिटी वार्ड और नियोनेटल वार्ड जैसी सुविधाएं होंगी चिड़ियाघर में बायोलॉजिस्ट और एजुकेशन असिस्टेंट नियुक्त, अब वैज्ञानिक तरीके से जानवरों को मिलेगा भोजन अमर उजाला ब्यूरो नई दिल्ली। राष्ट्रीय प्राणी उद्यान (दिल्ली चिड़ियाघर) का पशु चिकित्सालय और रेस्क्यू केंद्र अपग्रेड होगा। नए चिकित्सालय में ऑपरेशन थिएटर, पोस्टमार्टम रूम, लेबोरेटरी, मैटरनिटी वार्ड और नियोनेटल वार्ड जैसी सुविधाएं होंगी। पहल के तहत चिड़ियाघर ने एक बायोलॉजिस्ट और एक एजुकेशन असिस्टेंट भी नियुक्त किया गया है। चिड़ियाघर प्रशासन ने जानवरों के व्यवहार का अध्ययन करने, उनके कल्याण संबंधी उपायों का विश्लेषण करने और आधुनिक पशु देखभाल और बाड़ों के बेहतर प्रबंधन के लिए सुझाव देने हेतु एक बायोलॉजिस्ट और एक एजुकेशन असिस्टेंट को नियुक्त किया है। चिड़ियाघर के एक अधिकारी के अनुसार, लगभग 12 इंटर्न भी इस काम से जुड़े हुए हैं, जो जानवरों के व्यवहार का नियमित अवलोकन कर वैज्ञानिक टीम की सहायता कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इंटर्न के अवलोकन से जानवरों के व्यवहार में होने वाले बदलावों की पहचान करने, उनके रहने के स्थान और वातावरण को बेहतर बनाने और उनकी समग्र भलाई के लिए आवश्यक सुधारों का आकलन करने में मदद मिलेगी।अधिकारी ने कहा कि चिड़ियाघर की पशु चिकित्सा सुविधाओं को और मजबूत करने के लिए सीरम एनालाइजर, अत्याधुनिक सर्जिकल उपकरण और नवजात शिशुओं की देखभाल के लिए इनक्यूबेटर लगाए गए हैं। इन नए उपकरणों की मदद से अब अधिकांश डायग्नोस्टिक जांच चिड़ियाघर परिसर में ही की जा सकेगी और जानवरों को जांच के लिए बाहर भेजने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि पहले कुछ डायग्नोस्टिक प्रक्रियाओं के लिए जानवरों को चिड़ियाघर से बाहर ले जाना पड़ता था, जिससे इलाज शुरू होने में देरी होती थी। नई सुविधाओं के आने से वेटेरिनेरियन बीमारियों का अधिक तेजी से पता लगा सकेंगे और समय पर मेडिकल देखभाल दे सकेंगे। अधिकारी ने बताया कि जानवरों को सही मात्रा में भोजन उपलब्ध कराने के लिए फीडिंग सेंटर और बाड़ों में वजन मापने वाली मशीनें लगाई गई हैं। पहले देखभाल करने वाले बिना मापे भोजन देते थे, जिससे कभी-कभी भोजन बच जाता था या जानवर आवश्यकता से अधिक खा लेते थे। नई व्यवस्था प्रत्येक जानवर की पोषण संबंधी जरूरत के अनुसार संतुलित आहार सुनिश्चित करेगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 03, 2026, 17:36 IST
Delhi NCR News: चिड़ियाघर पशु चिकित्सालय और रेस्क्यू केंद्र होगा अपग्रेड #ZooVeterinaryHospitalAndRescueCenterToBeUpgraded. #SubahSamachar
