गाजियाबाद: लोनी की फैक्टरी में लगी आग, पांच दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर पाया काबू
गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार सुबह फ्लैक्सिबल प्रिंटिंग और मेटल फैब्रिकेशन का काम करने वाली जावेद फैब्रिकेशन फैक्टरी में आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया। दमकलकर्मियों ने करीब 35 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। दमकल विभाग के अनुसार, बुधवार सुबह 9:15 बजे लोनी (ट्रॉनिका सिटी) फायर स्टेशन को ट्रॉनिका सिटी इंडस्ट्रियल एरिया के सेक्टर ए-7, पार्ट-1 स्थित प्लॉट नंबर एफ-18 पर संचालित जावेद फैब्रिकेशन फैक्टरी में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही ट्रॉनिका सिटी फायर स्टेशन से तीन दमकल गाड़ियां घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सौरभ कुमार सिंह ने बताया कि वैशाली फायर स्टेशन से एक वाटर बाउजर और बागपत के खेकड़ा फायर स्टेशन से एक दमकल गाड़ी भी भेजी गई थी, जिन्होंने आग पर काबू पाया। भूतल पर लगी थी आग, आसपास के क्षेत्र में मचा हड़कंप मौके पर पहुंची दमकल टीम ने देखा कि करीब 300 वर्गमीटर के भूखंड पर बने दो मंजिला भवन के भूतल में आग लगी हुई थी। यहां फ्लैक्सिबल प्रिंटिंग और मेटल फैब्रिकेशन का काम होता है। दमकलकर्मियों ने तत्काल होज पाइप फैलाकर मोटर फायर इंजन की मदद से पानी की बौछार शुरू की। टीम की तत्परता से आग को फैलने से रोक लिया गया और सुबह करीब 9:50 बजे तक आग पूरी तरह बुझा दी गई। धुएं को भी किया शांत, अतिरिक्त गाड़ियों को लौटाया आग बुझाने के बाद दमकलकर्मियों ने मौके पर मौजूद सामान को हटाकर और उलट-पलटकर जांच की। इसके बाद पानी डालकर उठ रहे धुएं को भी शांत किया गया, ताकि आग दोबारा भड़कने की आशंका न रहे। आग पर जल्द काबू पा लिए जाने के कारण वैशाली और खेकड़ा से रवाना की गई अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को रास्ते से ही वापस लौटा दिया गया। आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं सीएफओ के मुताबिक, हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। आग लगने के संभावित कारण का अभी पता नहीं चल सका है। अग्निशमन एवं बचाव कार्य के दौरान स्थानीय पुलिस की टीम भी मौके पर मौजूद रही। कार्रवाई पूरी होने के बाद दमकलकर्मियों ने ट्रॉनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र में उपलब्ध जल स्रोतों से अपनी गाड़ियों में पानी भरा और लोनी फायर स्टेशन लौट गए।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 28, 2026, 06:05 IST
गाजियाबाद: लोनी की फैक्टरी में लगी आग, पांच दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर पाया काबू #CityStates #Ghaziabad #GhaziabadNews #GhaziabadLatestNews #GhaziabadPolice #SubahSamachar
