खरगोन: अलीगढ़ से हथियार खरीदने आया युवक गोगांवा पुलिस के शिकंजे में, बैग से मिली 10 अवैध पिस्टल

जिले में अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में गोगांवा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घुघरियाखेड़ी बस स्टॉप के पास से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके बैग की तलाशी लेने पर 10 हस्तनिर्मित अवैध देशी पिस्टल बरामद हुईं। जब्त हथियारों की अनुमानित कीमत 1.50 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार 4 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम घुघरियाखेड़ी बस स्टॉप के पास एक व्यक्ति बैग लेकर खड़ा है, जिसके पास अवैध पिस्टल होने की आशंका है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कश्यप के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर संदिग्ध ने भागने का प्रयास किया लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम हरेन्द्र कुमार पाण्डेय (35) निवासी ग्राम बसोली, जिला अलीगढ़, उत्तर प्रदेश बताया। उसके बैग की तलाशी लेने पर 10 हस्तनिर्मित देशी पिस्टल मिलीं। हथियारों के संबंध में वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने सभी पिस्टल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। ये भी पढ़ें:भोपाल में शॉपिंग ट्रेंड: हल्की ज्वेलरी से लेकर डिजाइनर लाइटिंग तक इस बार क्या खरीद रहे लोग जानिए बाजार का हाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना गोगांवा में अपराध क्रमांक 365/26 के तहत धारा 25(1) आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने सिगनूर के किसी व्यक्ति से अवैध हथियार खरीदने की बात बताई है। पुलिस अब हथियार बेचने वाले व्यक्ति की पहचान और अवैध हथियारों के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस की जांच का दायरा सिगनूर तक पहुंच गया है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी अलीगढ़ से खरगोन हथियार खरीदने क्यों आया था और उसके पीछे कोई बड़ा तस्करी नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। कार्रवाई एसडीओपी भीकनगांव केतन अडलक के मार्गदर्शन में की गई। इसमें गोगांवा पुलिस और साइबर सेल की टीम का योगदान रहा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 05, 2026, 16:07 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




खरगोन: अलीगढ़ से हथियार खरीदने आया युवक गोगांवा पुलिस के शिकंजे में, बैग से मिली 10 अवैध पिस्टल #CityStates #Crime #Khargone #MadhyaPradesh #IllegalWeapons #Country-madePistol #AligarhYouthArrested #GogawaPolice #ArmsSmuggling #Signur #ArmsAct #SubahSamachar