Haridwar News: मकान बेचने का झांसा देकर महिला से पांच लाख हड़पने का आरोप

- कनखल कोतवाली क्षेत्र का मामला, कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्जसंवाद न्यूज एजेंसीहरिद्वार। कनखल कोतवाली क्षेत्र में मकान बेचने का झांसा देकर एक महिला से पांच लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रॉपर्टी डीलरों की मदद से महिला को मकान का सौदा कराया। मकान पहले से ही फाइनेंस कंपनी के पास बंधक था। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस के अनुसार, वर्षा देवी निवासी विष्णु लोक कॉलोनी रानीपुर ने कोर्ट में दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि उन्हें मकान खरीदना था। इस पर प्रॉपर्टी डीलर अरुण कुमार निवासी बसंत कुंज कॉलोनी जमालपुर कलां, अनुज बिश्नोई निवासी राजा गार्डन कनखल ने उनकी मुलाकात अनिता सैनी निवासी कस्तूरी एन्क्लेव फेज-2, जमालपुर कलां से कराई। अनिता सैनी ने कॉलोनी स्थित अपने मकान का सौदा 31.50 लाख में किया। तीनों ने मकान को पूरी तरह भारमुक्त बताते हुए किसी प्रकार का लोन या बकाया नहीं होने की बात कही। आरोप है कि 17 जुलाई 2025 को हुए इकरारनामे के तहत वर्षा देवी ने पांच लाख दिए। शेष रकम बैनामे के समय 16 अक्तूबर 2025 तक देने की बात तय हुई। उनके बेटे हिमांशु ने बैंक से लोन भी स्वीकृत करा लिया, लेकिन बैनामा करने में टालमटोल किया जाता रहा। 28 अगस्त 2025 को तीनों ने बताया कि मकान पर पीरामल कैपिटल एंड हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड का करीब 27 लाख का लोन बकाया है। महिला ने लोन चुकाने के लिए फाइनेंस कंपनी के नाम से दो चेक भी बनवाए, लेकिन इसके बावजूद बैनामा करने से इन्कार कर दिया। आरोप है कि 16 अक्तूबर को तहसील स्थित रजिस्ट्रार कार्यालय में इंतजार करने के बाद भी नहीं पहुंचे। बाद में रकम वापस मांगने पर अभद्रता करते हुए रुपये लौटाने से इन्कार कर दिया। एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 05, 2026, 17:19 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Haridwar News: मकान बेचने का झांसा देकर महिला से पांच लाख हड़पने का आरोप #AccusedOfSwindlingFiveLakhFromAWoman #SubahSamachar