आगरा: जिस डंपर से कुचलकर हुई रिया की मौत, उसकी नो एंट्री में चलने की नहीं थी अनुमति; चालक का न लगा सुराग
आगरा के सदर में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के जिस डंपर से हादसा हुआ, उसके पास नो एंट्री में चलने की अनुमति नहीं थी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है। चालक घटना के बाद से भागा हुआ है। उसकी तलाश की जा रही है। सदर के मधु नगर में आरएमओ तिराहे के पास बुधवार सुबह हादसे में रिया की मौत हो गई थी। सुदामा पुरम काॅलोनी, सेवला निवासी उमेश सिंह बिटिया रिया को स्कूटी से कोचिंग छोड़ने जा रहे थे। पीछे से आए पीडब्ल्यूडी के डंपर ने टक्कर मार दी। स्कूटी सहित डंपर में फंसी रिया को चालक करीब 15 मीटर तक घसीटता ले गया था। एसीपी सदर अमीषा सिंह ने बताया कि डंपर समृद्धि निर्माण कंपनी में चल रहा था। इसके मालिक सुनील गुप्ता से चालक के बारे में जानकारी मांगी गई है। नो एंट्री में ट्रक चलाने के लिए यातायात पुलिस से अनुमति की आवश्यकता होती है। मगर डंपर के मालिक ने फिलहाल कोई अनुमति नहीं दिखाई है। अगर अनुमति मिल भी जाए तो वाहन स्कूलों के समय पर नहीं चलाए जा सकते। इस संबंध में डीसीपी सिटी को रिपोर्ट भेजी गई है। प्राथमिकी हादसे की धारा में दर्ज हुई है। इसको साक्ष्य संकलन करने के बाद गैर इरादतन हत्या की धारा में तरमीम किया जा सकता है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 06, 2026, 10:16 IST
आगरा: जिस डंपर से कुचलकर हुई रिया की मौत, उसकी नो एंट्री में चलने की नहीं थी अनुमति; चालक का न लगा सुराग #CityStates #Crime #Agra #Mathura #Etah #Kasganj #Mainpuri #Firozabad #UttarPradesh #AgraDumperAccident #PwdDumper #RiyaDeathCase #NoEntryViolation #MadhuNagarAccident #AgraNews #DumperDriverAbsconding #ConstructionCompany #आगराडंपरहादसा #रियाकीमौत #SubahSamachar
