UP: आगरा में बारिश ने बढ़ाई मुसीबत, सड़कें बनीं तालाब, डूब गए वाहन, जलमग्न हुआ बाजार; देखें तस्वीरें
पखवाड़े भर बाद हुई मानसून की बारिश में शहर की सड़कें और गलियां पानी में डूब गईं। बारिश की इस परीक्षा में नगर निगम फेल हो गया। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा के नाला सफाई के दावे जलभराव में डूब गए। दोपहर में हुई बारिश के कारण लोग जलभराव से शाम तक जूझते रहे। हाईवे हो या लोहामंडी की सकरी गलियां, सभी जगह पानी भर जाने से लोगों की आवाजाही प्रभावित रही और इस वजह से खेरिया मोड़, शमशाबाद रोड, हाईवे, कैलाशपुरी, बिजलीघर, न्यू आगरा, कमला नगर, बल्केश्वर, ट्रांस यमुना समेत क्षेत्रों में पानी भरने से वाहन बंद हो गए। मंगलवार दोपहर में हुई चंद मिनटों की बारिश भी शहर का ड्रेनेज नेटवर्क नहीं झेल पाया। नालों की कागजी सफाई का सच एक बार फिर सामने आ गया। नालों के चोक होने के कारण जगह-जगह जलभराव से लोगों को जूझना पड़ा। दरअसल, रामबाग से रूनकता तक और ग्वालियर रोड से दयालबाग और फतेहाबाद रोड तक कई जगह जलभराव हो जाने से दो पहिया और चार पहिया वाहन फंस गए। साइलेंसर में पानी भर जाने से वाहन बंद हो गए तो लोगों को धक्का लगाकर इन्हें ले जाना पड़ा। ऑटो की सवारियों ने कई जगह धक्का लगाकर उसे बाहर निकाला तो स्कूली बच्चे छुट्टी के समय सड़कों पर भरे नालों के गंदे पानी से होकर निकले।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 29, 2026, 06:35 IST
UP: आगरा में बारिश ने बढ़ाई मुसीबत, सड़कें बनीं तालाब, डूब गए वाहन, जलमग्न हुआ बाजार; देखें तस्वीरें #CityStates #Agra #Mathura #UttarPradesh #Rain #Waterlogging #MunicipalCorporation #FloodedRoads #TrafficJam #VehiclesStranded #Kajipada #Bijlighar #KheriaMod #ShamshabadRoad #SubahSamachar
