Agra News: नेशनल ओपन कुश्ती में खाली हाथ रहे आगरा के पहलवान
आगरा। गोंडा के नंदिनी नगर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय नेशनल ओपन सीनियर रैंकिंग कुश्ती प्रतियोगिता मंगलवार को समाप्त हो गई। प्रतियोगिता में आगरा के पहलवान उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके। इस प्रतियोगिता को घरेलू कुश्ती कैलेंडर का अहम पड़ाव माना जाता है, क्योंकि यहां प्रदर्शन के आधार पर ही राष्ट्रीय शिविर और आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों का चयन होता है। हालांकि, आगरा का कोई खिलाड़ी पदक नहीं हासिल कर सका। आगरा के धर्मवीर (57 किग्रा, फ्री स्टाइल), पवन (70 किग्रा, फ्री स्टाइल), अजय सोगरवाल (97 किग्रा, फ्री स्टाइल), रजत भगोर (97 किग्रा, फ्री स्टाइल), दिगंबर सोलंकी (97 किग्रा, ग्रीको रोमन) और चित्रांशु राज (60 किग्रा, ग्रीको रोमन) ने भाग लिया। जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष नीतेश शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिस्पर्धा बहुत कड़ी होती है। हमारे खिलाड़ियों ने अच्छा प्रयास किया, लेकिन अनुभव और तैयारी के स्तर पर अभी और काम करने की जरूरत है। हमें उम्मीद है कि आने वाले समय में यही खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर आगरा का नाम रोशन करेंगे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 13, 2026, 02:48 IST
Agra News: नेशनल ओपन कुश्ती में खाली हाथ रहे आगरा के पहलवान #AgraWrestlersRemainedEmptyHandedInNationalOpenWrestling #SubahSamachar
