एयर शो: अंतिम दिन घाट पर 370 लोगों की बिगड़ी तबीयत, हीटस्ट्रोक, चक्कर की समस्या ज्यादा रही
काशी में एयर शो के अंतिम दिन रविवार को 370 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। ज्यादातर लोग हीटस्ट्रोक, चक्कर आने, सिरदर्द, पेट दर्द की समस्या लेकर पहुंचे। जिनका घाट पर बने हेल्थ बूथ प्राथमिक उपचार किया गया और जरूरी दवाइयां भी दी गईं। एयर शो को देख अवकाश के दिन भी जिले के सभी सरकारी अस्पताल खुले रहे। यहां भी डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ की टीम मौजूद रही। पिछले दो दिन की तुलना में रविवार को एयर शो में भीड़ सबसे अधिक देखने को मिली। लहुराबीर से मैदागिन होते हुए घाटों पर अधिकांश लोग पैदल ही पहुंचे। दो से तीन किलोमीटर पहले ही बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया गया। चिलचिलाती धूप में लोगों को पैदल चलना पड़ा। उधर, घाट पर कुछ लोग तो छांव देखकर बैठे रहे, लेकिन ज्यादातर लोग धूप में खड़े रहे। सीएमओ डॉ. एनपी सिंह ने बताया कि सिरदर्द, बुखार, बदन दर्द, पेट दर्द, चक्कर, उल्टी, निर्जलीकरण और अन्य सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित 370 लोगों को चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई गई। हेल्थ कैंप में पहुंचे लोगों को प्राथमिक उपचार के साथ ही गर्मी, भीड़ से बचाव और लंबे समय तक खड़े न रहने की अपील की गई। 108 एंबुलेंस भी जगह-जगह तैनात रही। सीएमओ ने बताया कि रविवार होने के बावजूद भी सभी अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों को खोला गया। एंबुलेंस से दो मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौकाघाट और एक को मंडलीय चिकित्सालय कबीरचौरा में भर्ती कराया गया। नमो घाट पर एक युवक हीट स्ट्रोक से अचेत होकर गिर गया। उसी समय उधर से गुजर रहे स्वास्थ्य विभाग में चिकित्साधिकारी डॉ. शिव शक्ति प्रसाद द्विवेदी ने तुरंत उठाया और एयरफोर्स के एक जवान की मदद से व्हीलचेयर पर बिठाकर प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद नमो घाट पर बने एयरफोर्स स्टेशन पर ले जाया गया। यहां आराम मिलने के बाद युवक को घर भेजा गया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 26, 2026, 07:21 IST
एयर शो: अंतिम दिन घाट पर 370 लोगों की बिगड़ी तबीयत, हीटस्ट्रोक, चक्कर की समस्या ज्यादा रही #CityStates #Varanasi #VaranasiNews #AirShowVaranasi #VaranasiLatestNews #SubahSamachar
