सेहत से खिलवाड़: खाद्य सुरक्षा विभाग ने मारा छापा, केमिकल से बन रही थी मिठाई, जंग लगी मशीन से पीसे जा रहे काजू
त्योहार पर जिस मिठास के लिए लोग नामचीन मिठाई की दुकानों का रुख करते हैं, वहां अलीगढ़ खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में सफाई और खाद्य गुणवत्ता से जुड़ी गंभीर खामियां सामने आई हैं। कहीं केमिकल से मिठाई बनाई जा रही थी, तो कहीं जंग लगी मशीन से काजू पीसे जा रहे थे। टीम ने सभी जगहों से कुल 15 नमूने भी लिए। बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने राधे स्वीट्स की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट समेत शहर की कई दुकानों पर छापा मारा। सहायक आयुक्त खाद्य अजय जायसवाल ने बताया कि सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय कुलदीप सिंह के नेतृत्व में टीम राधे स्वीट्स की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट पहुंची। वहां शौचालय के पास बॉयलर रखा था, जंग लगी मशीन से काजू पीसे जा रहे थे और गंदे फ्रिज में खाद्य सामग्री का भंडारण हो रहा था। बिना लेवल का गुलाब जल भी मिला।टीम ने गुलाब जल, ग्लूकोज, काजू कमल और डोडा बर्फी समेत छह नमूने लिए। इनमें पिस्ता ग्रीन और केसरी सिंथेटिक फूड कलर के सर्वे नमूने भी शामिल हैं। सभी नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। टीम ने 38 किलोग्राम गुलाब जल और 45 किलोग्राम ग्लूकोज सीज किया। इनकी कीमत क्रमशः 11,400 और 13,500 रुपये बताई गई है। इसके अलावा संदेह, मिलावट की आशंका और अस्वच्छ परिस्थितियों के आधार पर 10 किलोग्राम आर्टिफिशियल लिक्विड स्वीटनर नष्ट कराया गया। विभाग के अनुसार सीज सामग्री की कीमत 24,900 रुपये और नष्ट स्वीटनर की कीमत 2,400 रुपये है। कारोबारी को सुधार संबंधी नोटिस देने के साथ लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति की जा रही है। कुंजीलाल और जय शिव स्वीट्स पर भी कार्रवाई खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कुंजीलाल स्वीट्स और जय शिव स्वीट्स का भी निरीक्षण किया। कुंजीलाल स्वीट्स से रंगीन हरी बूंदी और खोवा के नमूने लिए गए। करीब 40 किलोग्राम रंगीन हरी बूंदी नष्ट कराई गई। जय शिव स्वीट्स से रंगीन राजभोग का नमूना लेने के साथ करीब 45 किलोग्राम मिठाई नष्ट कराई गई।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 29, 2026, 15:51 IST
सेहत से खिलवाड़: खाद्य सुरक्षा विभाग ने मारा छापा, केमिकल से बन रही थी मिठाई, जंग लगी मशीन से पीसे जा रहे काजू #CityStates #Crime #Aligarh #UttarPradesh #FoodSafetyDepartment #KunjilalSweetsAligarh #RadheySweetsAligarh #BankeBihariSweetsAligarh #AligarhNews #SubahSamachar
