एएमयू छात्रसंघ चुनाव: फरहान जुबैरी समेत 12 नामांकन रद्द, मुख्य चुनाव कार्यालय पर हंगामा और नारेबाजी
एएमयू छात्रसंघ चुनाव के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी फरहान जुबैरी सहित 12 प्रत्याशियों के नामांकन रद्द किए गए हैं। नामांकन रद्द होने से प्रभावित छात्रों ने शनिवार को मुख्य चुनाव कार्यालय पर खूब हंगामा किया। दरवाजा तोड़ने के का प्रयास हुआ। चुनाव अधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की की गई। मुख्य चुनाव अधिकारी मुर्दाबाद के नारे लगे। मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. जावेद तालिब ने शुक्रवार शाम प्रत्याशियों की अंतिम सूची की घोषणा की। इसमें विभिन्न कारणों से कई नामांकन निरस्त किए गए थे। देर रात अध्यक्ष पद पर नामांकन दाखिल करने वाले फरहान जुबैरी का परचा भी निरस्त कर दिया गया। इसकी जानकारी शनिवार सुबह छात्रों को हुई। इसके बाद सुबह 10 बजे से शाम तक मुख्य चुनाव कार्यालय पर हंगामे की स्थिति बनी रही। पुलिस फोर्स ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। नामांकन रद्द किए जाने पर अध्यक्ष पद के उम्मीदवार फरहान धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि वह किसी आपराधिक मामले में दोषी नहीं हैं। आरोप लगाया कि पहले फाइनल सूची में उनका नाम था लेकिन किसी के दबाव में आकर देर रात उनका परचा खारिज कर दिया गया। वहीं, परचा खारिज होने से आक्रोशित जीशान भाटी ने मुख्य चुनाव अधिकारी पर पक्षपात करने का आरोप लगाया। कुछ अन्य छात्रों ने यूनानी मेडिसिन संकाय के एक प्रत्याशी का नामांकन फर्जी होने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। छात्रों का आरोप है कि उक्त प्रत्याशी का पढ़ते हुए आठ वर्ष से ज्यादा हो चुके हैं। नियमों के हिसाब से उसे भी अपात्र घोषित किया जाना चाहिए।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 01, 2026, 07:39 IST
एएमयू छात्रसंघ चुनाव: फरहान जुबैरी समेत 12 नामांकन रद्द, मुख्य चुनाव कार्यालय पर हंगामा और नारेबाजी #CityStates #Aligarh #UttarPradesh #AmuElection #Amusu #FarhanZubairi #NominationCancelled #AmuCampus #StudentUnionPolls #FinalSpeech #CabinetMember #CourtMember #AmuNews #SubahSamachar
