Auraiya: फसल की रखवाली करने गए किसान को सांड ने पटका, मौत से मचा कोहराम
अछल्दा थानाक्षेत्र की ग्राम पंचायत ग्वारी के मजरा बीरपुर में अन्ना मवेशियों का आतंक है। इससे फसल बचाने के लिए शनिवार सुबह खेत गए किसान को सांड ने उठाकर पटक दिया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बीरपुर निवासी मान सिंह (49) शनिवार सुबह करीब आठ बजे अपने घर के पास स्थित खेत पर मूंग की खड़ी फसल की देखरेख करने गए थे। इसी दौरान एक आवारा सांड खेत में घुसकर फसल को नुकसान पहुंचाने लगा। मान सिंह जैसे ही सांड़ को भगाने के लिए आगे बढ़े तभी सांड ने उन पर हमला बोल दिया। सांड ने मान सिंह को अपनी सींगों पर उठाकर जमीन पर पटक दिया। चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सांड को वहां से भगाया। हालांकि जब तक ग्रामीण मान सिंह को उठाते तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुरेश चंद्र और उपनिरीक्षक ब्रजकिशोर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 13, 2026, 18:02 IST
Auraiya: फसल की रखवाली करने गए किसान को सांड ने पटका, मौत से मचा कोहराम #CityStates #Auraiya #Kanpur #UttarPradesh #AuraiyaNews #UpNews #SubahSamachar
