Kangra News: फोरलेन पर वाहनों की बढ़ी रफ्तार, मटौर और कछियारी चौक पर जाम रोक रहा राह
धर्मशाला। कछियारी से भंगवार तक शिमला-मटौर फोरलेन का हिस्सा तैयार है। इससे फोरलेन पर वाहनों की आवाजाही तो बढ़ गई लेकिन मटौर और कछियारी चौक पर यातायात को नियंत्रित करने के इंतजाम पीछे रह गए।दोनों चौकों पर रोजाना जाम लग रहा है। खासकर शाम के समय अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों की लंबी कतारें लगने से वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए स्थानीय लोगों ने दोनों चौकों पर ट्रैफिक लाइट लगाने की मांग उठाई है।स्थानीय निवासी संजीव कुमार, लेखराज, अनिल कुमार, पवन कुमार, राकेश कुमार, संजू, अनिकेत कुमार, त्रिलोक चंद, अभिनव, सौरव और सुरेश का कहना है कि फोरलेन शुरू होने के बाद इन मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ा है। चौकों पर यातायात को व्यवस्थित करने के लिए सिग्नल व्यवस्था जरूरी हो गई है।लोगों ने बैजनाथ का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां ट्रैफिक लाइटों से वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने में मदद मिल रही है। इसी तरह मटौर और कछियारी में भी यह व्यवस्था लागू की जानी चाहिए।लोगों के अनुसार शाम के समय जाम का असर केवल वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहता बल्कि नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और स्थानीय निवासियों को भी समय पर गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कत होती है। कई दिशाओं से एक साथ वाहनों के चौक पर पहुंचने के कारण यातायात का दबाव बढ़ जाता है। ऐसे में ट्रैफिक सिग्नल लगने से अलग-अलग दिशाओं के वाहनों को निर्धारित समय के अनुसार रास्ता मिल सकेगा और आवाजाही अधिक व्यवस्थित हो सकती है।पुलिस थाना कांगड़ा के प्रभारी आदर्श बरियाल ने बताया कि मटौर और कछियारी चौक पर ट्रैफिक लाइट लगाने के लिए करीब डेढ़ माह पहले एनएचएआई को प्रस्ताव भेजा गया था। अभी तक वहां से संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। जैसे ही इस संबंध में सूचना प्राप्त होगी, ट्रैफिक लाइट लगाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।एनएचएआई ने भी दिया कार्रवाई का भरोसाएनएचएआई पालमपुर के सहायक प्रबंधक प्रतीक जैन ने कहा कि यदि पुलिस की ओर से ट्रैफिक लाइट लगाने का प्रस्ताव भेजा गया है तो उसका संज्ञान लिया जाएगा। मामले को उच्चाधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा। आदेश मिलने के बाद कछियारी चौक पर ट्रैफिक लाइट लगाने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे, ताकि वाहन चालकों को यातायात संबंधी परेशानी से राहत मिल सके।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 07, 2026, 01:28 IST
Kangra News: फोरलेन पर वाहनों की बढ़ी रफ्तार, मटौर और कछियारी चौक पर जाम रोक रहा राह #VehicleSpeedsHaveIncreasedOnTheFour-laneRoad #ButTrafficCongestionAtMataurAndKachhiyariChowkIsHinderingMovement. #SubahSamachar
