बहराइच: मां की गोद से बच्ची को छीन ले गया तेंदुआ, मौत, खेत में लहूलुहान हालत में मिली
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के निशानगाड़ा रेंज के भट्ठा बरगदहा गांव में बृहस्पतिवार शाम तेंदुए ने मां की गोद से छह वर्षीय बच्ची को छीन लिया। मां चीखते हुए दौड़ी लेकिन तेंदुआ उसे खींचकर गन्ने के खेत में ले गया। मां की चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने हाका लगाकर तेंदुए को किसी तरह भगाया और बच्ची को उसके जबड़े से छुड़ाया। खेत में लहूलुहान हालत में मिली बच्ची ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। गांव निवासी किरण बृहस्पतिवार शाम करीब छह बजे अपनी छह वर्षीय बेटी पूनम को गोद में लेकर घर के बाहर बैठी थी। इसी दौरान पास के गन्ने के खेत से अचानक निकले तेंदुए ने झपट्टा मारकर बच्ची को दबोच लिया। मां कुछ समझ पाती, इससे पहले ही तेंदुआ बच्ची को खींचकर खेत में ले गया। किरण की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े। उन्होंने शोर मचाते हुए हाका लगाया और तेंदुए का पीछा किया। इस पर तेंदुआ बच्ची को छोड़कर खेत में भाग गया। ग्रामीणों ने बच्ची को लहूलुहान हालत में खेत से बाहर निकाला। तेंदुए के हमले में उसके गले और पेट पर कई जगह गंभीर जख्म थे। ग्रामीण उसे बाइक से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुजौली ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम है। गांव के लोग भी घटना से दहशत में हैं। डीएफओ अपूर्व दीक्षित ने बताया कि घटना की सूचना पर वनक्षेत्राधिकारी शिव कुमार और वन रक्षक अब्दुल सलाम टीम के साथ मौके पर पहुंचे हैं। वन ग्रामीणों को सतर्क करते हुए इलाके में निगरानी शुरू कर दी गई है। तीन टीमें निगरानी कर रही हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 05, 2026, 19:10 IST
बहराइच: मां की गोद से बच्ची को छीन ले गया तेंदुआ, मौत, खेत में लहूलुहान हालत में मिली #CityStates #Bahraich #Lucknow #BahraichNews #LeopardAttack #SubahSamachar
