टीएमसी की बढ़ेगी मुश्किल?: अभिषेक बनर्जी के संसदीय क्षेत्र में पार्टी ऑफिस पर छापा, करोड़ों की नकदी हुई बरामद?
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर के सरिषा इलाके में पार्टी के एक कार्यालय से पुलिस ने एक करोड़ दो लाख 79 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, यह रकम मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी के निजी सहायक सुमित राय से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर बरामद की गई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी रकम पार्टी कार्यालय में क्यों रखी गई थी और इसका स्रोत क्या है। उल्लेखनीय है कि अभिषेक बनर्जी डायमंड हार्बर से टीएमसी के सांसद हैं। पूछताछ में मिले सुराग, फिर पार्टी कार्यालय पर छापा डायमंड हार्बर पुलिस ने मंगलवार रात सरिषा स्थित तृणमूल के एक कार्यालय में तलाशी अभियान चलाया। पुलिस के अतिरिक्त अधीक्षक अभिषेक मजूमदार के अनुसार, सुमित राय से हिरासत में पूछताछ के दौरान कुछ अहम सुराग मिले थे। इन्हीं के आधार पर पुलिस ने कार्यालय में छापा मारा और वहां से 1,02,79,000 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस अधिकारी ने कहा कि कार्यालय तृणमूल कांग्रेस का था, लेकिन फिलहाल यह जांच की जा रही है कि उसका संचालन कौन करता था। रकम कहां से आई और किस उद्देश्य से वहां रखी गई थी, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। मिट्टी चोरी के मामले में भी जांच के घेरे में सुमित यह मामला दक्षिण 24 परगना के कालितला आशुति थाना क्षेत्र में सरकारी और निजी जमीन से कथित तौर पर मिट्टी काटकर बेचने की शिकायत से जुड़ा है। इस संबंध में सुमित राय समेत कुछ अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने शनिवार को अलीपुर अदालत में सुमित को इस मामले में भी हिरासत में लेने की अनुमति मांगी थी। अदालत ने उन्हें 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया। सुमित पहले से ही पश्चिम मेदिनीपुर के शालबनी में जमीन से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामले में न्यायिक हिरासत में थे। पुलिस ने कालितला आशुति के मामले में उन्हें दूसरे मुकदमे में गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की है। कार्यालय पहले ही मकान मालिक को सौंप दिया था- टीएमसी नकदी बरामदगी को लेकर तृणमूल कांग्रेस ने अलग सफाई दी है। पार्टी का कहना है कि संबंधित कार्यालय का भवन उसने तीन साल के लिए पट्टे पर लिया था। मई 2023 में लिया गया यह पट्टा तीन साल के लिए था। पार्टी के मुताबिक, 21 मई को वहां तोड़फोड़ और लूटपाट की घटना हुई थी, जिसकी शिकायत डायमंड हार्बर पुलिस से की गई थी। इसके बाद भवन मकान मालिक को वापस सौंप दिया गया था। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बरामद रकम किसकी है, वहां किसने रखी थी और कथित मिट्टी चोरी के मामले से इसका क्या संबंध है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 04, 2026, 16:57 IST
टीएमसी की बढ़ेगी मुश्किल?: अभिषेक बनर्जी के संसदीय क्षेत्र में पार्टी ऑफिस पर छापा, करोड़ों की नकदी हुई बरामद? #IndiaNews #National #WestBengal #TrinamoolCongress #AbhishekBanerjee #TmcPartyOffice #DiamondHarbour #SumitRoy #MamataBanerjee #SubahSamachar
