बिहार: नाबालिग पर जानलेवा हमला, पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने के आरोप में चार पर केस

दरभंगा जिले के सिमरी थाना क्षेत्र में दुर्गा पूजा का मेला देखकर घर लौट रहे एक नाबालिग लड़के पर चार अन्य नाबालिगों द्वारा पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना में जख्मी नाबालिग की स्थिति काफी गंभीर बताई जा रही है। बच्चा बुरी तरह झुलस गया है। घटना 18 अक्टूबर की रात की बताई जा रही है। पीड़ित के पिता के अनुसार, रात करीब एक बजे जब उनका बेटा मेला देखकर लौट रहा था, तभी पानी की टंकी के पास मौजूद चार लड़कों ने उसे जबरन घेर लिया और धनकौल गांव में लगे मेले में चलने को कहा। जब उसने जाने से इनकार किया तो वहां मौजूद लड़कों ने उनके बेटे के पूरे शरीर पर पेट्रोल छिड़क दिया। इसके बाद एक आरोपी ने लाइटर जलाकर उसे आग लगा दी। पीड़ित का इलाज डीएमसीएच में चल रहा है। पीड़ित के पिता के फर्द बयान पर पुलिस ने चार नाबालिगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। पीड़ित के पिता ने बताया कि 18 अक्तूबरको उनका बेटा पांच दोस्तों के साथ दशहरा का मेला देखने गया था। लौटने के क्रम में रात करीब एक बजे आम गाछी में धनकौल स्थित मेले में चलने को लेकर विवाद हुआ। विवाद के बाद उनके बेटे ने रात ज्यादा होने के कारण मेले में जाने से इनकार कर दिया। इस पर वहां मौजूद बाकी चार लड़कों में से एक ने उनके बेटे के शरीर पर पेट्रोल छिड़क दिया, जबकि दूसरे ने लाइटर जलाकर आग लगा दी। इसके बाद सभी मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर पिता मौके पर पहुंचे। वहां उनका बेटा गंभीर रूप से झुलसा हुआ था। उन्होंने तत्काल उसे इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया। इलाज कर रहे डॉक्टरों ने उसकी स्थिति नाजुक बताई है। पीड़ित के पिता ने बताया कि 23 अक्टूबर को बेंता थाने में पुलिस पदाधिकारी के समक्ष फर्द बयान दर्ज कराया था। बच्चे द्वारा दिए गए बयान को बेंता थाने की पुलिस ने कार्रवाई के लिए सिमरी थानाध्यक्ष के पास भेज दिया था। ये भी पढ़ें-बिहार: सीएम सम्राट पर तेजस्वी की टिप्पणी से गरमाई सियासत, मंत्री संतोष सुमन ने याद दिलाया राजद का कार्यकाल इस संबंध में सिमरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि बेंता थाने से प्राप्त फर्द बयान के आधार पर सिमरी थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच एसआई मनोज कुमार शर्मा को सौंपी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की बात कही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 04, 2026, 17:18 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




बिहार: नाबालिग पर जानलेवा हमला, पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने के आरोप में चार पर केस #CityStates #Bihar #Darbhanga #SubahSamachar