Kullu News: नगर परिषद मनाली से भाजपा ने उतारे छह प्रत्याशी

वार्ड तीन में नहीं बन पाई सहमति, कांग्रेस में मंथन जारी संवाद न्यूज एजेंसी मनाली। नगर निकाय चुनाव के लिए जिला कुल्लू की ठंडी वादियों में भी राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस बीच नगर परिषद मनाली में भी चुनाव को लेकर सियासत गरमाने लगी है। सूबे में शहरी निकाय चुनाव के लिए बिगुल बज गया है और मनाली में भी चुनावी प्रक्रिया तेज हो गई है। मनाली में नामांकन के पहले दिन किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया है।चुनाव आयोग ने 29, 30 अप्रैल और दो मई को नामांकन के लिए तिथि तय की है। मनाली नगर परिषद में कुल सात वार्ड हैं और 4085 मतदाता पार्षदों के भाग्य का फैसला करेंगे। मनाली ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने चुनाव के लिए अपनी चुनाव समिति का गठन कर लिया है। समिति के सदस्य लगातार बैठक कर संभावित प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा कर रहे हैं। सात वार्डों वाली नगर परिषद मनाली में भाजपा ने छह प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। इनमें वार्ड-एक से ठाकुर दास, वार्ड-दो से प्रदीप गिल, वार्ड-चार से नीलम ठाकुर, वार्ड-पांच से सीमा भारद्वाज, वार्ड-छह से चंद्रा प्रधान और वार्ड सात से मनोज लारजे को चुनाव मैदान में उतारा है। इसमें कई नए चेहरों को चुनावी रण में उतारा गया है। वार्ड नंबर तीन से भाजपा अभी उम्मीदवार तय नहीं कर पाई है। वहीं अभी कांग्रेस ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं। कांग्रेस में वार्ड नंबर तीन में सुनीता शर्मा का नाम लगभग पक्का माना जा रहा है और वह निवर्तमान पार्षद भी हैं। एसडीएम मनाली गुंजीत चीमा ने बताया कि नामांकन के पहले दिन किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया है। उन्होंने कहा कि चुनाव को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से संपन्न हो सके, इसके लिए बैठकों का दौर जारी है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 29, 2026, 17:28 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Kullu News: नगर परिषद मनाली से भाजपा ने उतारे छह प्रत्याशी #BJPFieldedSixCandidatesFromMunicipalCouncilManali #SubahSamachar