'सौरभ की गिरफ्तारी से मची खलबली': बीजेपी बोली- पेशी के साथ ही कांग्रेस के काले कारनामों की उल्टी गिनती शुरू
बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक ने महादेव सट्टा एप के मुख्य सरगना सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी और उसे ओमान से भारत लाकर रायपुर कोर्ट में पेश किए जाने पर कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तीखा हमला बोला है। दीपक ने कहा कि सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद से पूरी कांग्रेस पार्टी में भारी बेचैनी और चिंता का माहौल है, विशेषे रूप से बघेल की नींद उड़ी हुई है। अब महादेव सट्टेबाजी का असली खेल और सच जनता के सामने आने वाला है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि भूपेश बघेल के पिछले शासनकाल में जिस तरह युवाओं के भविष्य को दांव पर लगाकर महादेव सट्टा ऐप का 6,000 करोड़ रुपये का विशाल साम्राज्य फला-फूला, उसने यह स्पष्ट कर दिया है कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार के लिए विकास का असली अर्थ केवल सट्टेबाजी और भ्रष्टाचार को खुला संरक्षण देना था। भिलाई की एक छोटी-सी जूस की दुकान से शुरू होकर बुर्ज खलीफा तक फैले इस काले कारोबार के दौरान अधिकारियों और सत्ता के रसूखदारों को बाँटी गई 'प्रोटेक्शन मनी' इस बात का पुख्ता प्रमाण है कि यह संगठित लूट बिना शीर्ष स्तर के वरदहस्त के सम्भव नहीं थी। कांग्रेस सरकार के समय जहाँ आम जनता बुनियादी जरूरतों के लिए तरस रही थी, वहीं सत्ता के संरक्षण में सट्टे के पैसों से 200 करोड़ की भव्य शादियां और बॉलीवुड हस्तियों के जश्न मनाए जा रहे थे; कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाने वाली पूर्ववर्ती भूपेश सरकार को छत्तीसगढ़ की जनता कभी माफ नहीं करेगी। भाजपा की सरकार ने आते ही इस पूरे घोटाले की जाँच सीबीआई को सौंपी थी। आज उसी का परिणाम है कि सरगना सौरभ चंद्राकर सलाखों के पीछे है और उसे रायपुर लाकर कोर्ट में पेश किया जा रहा है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 04, 2026, 03:23 IST
'सौरभ की गिरफ्तारी से मची खलबली': बीजेपी बोली- पेशी के साथ ही कांग्रेस के काले कारनामों की उल्टी गिनती शुरू #CityStates #Chhattisgarh #Raipur #SubahSamachar
