मयूर विहार स्कूल में मासूम की मौत का मामला: एक दिन बाद हुआ मेडिकल बोर्ड का गठन, आज होगा छात्रा का पोस्टमार्टम

मयूर विहार फेज-2 स्थित एक निजी स्कूल में छात्रा की मौत के मामले में बृहस्पतिवार को उसका पोस्टमार्टम नहीं हो पाया। बृहस्पतिवार को छात्रा के परिजन जीटीबी अस्पताल से लेकर थाने के चक्कर काटते रहे। दरअसल छात्रा का पीएम करने के लिए मेडिकल बोर्ड के गठन की सिफारिश की गई है। बृहस्पतिवार को औपचारिकताएं पूरी न हो पाने के कारण छात्रा का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शुक्रवार को जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी में शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। फिलहाल मासूम का शव लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में सुरक्षित रखा हुआ है। अधिकारियों ने कहा कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजहों पता चल पाएगा। छात्रा के चाचा का आरोप है कि पुलिस की ओर से सुबह से ही पीएम के लिए प्रयास किए जाते तो शायद बृहस्पतिवार को सारी औपचारिकताएं पूरी कर पोस्टमार्टम हो जाता। परिजनों के मुताबिक छात्रा की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम के माता-पिता ने तो बेटी की मौत के बाद एक अन्न भी नहीं खाया। मां की तबीयत ज्यादा खराब है। परिजनों का कहना था कि सभी काम बृहस्पतिवार को हो जाते तो माता-पिता व बाकी परिजनों को थोड़ा सब्र आ जाता। अब अगले 24 घंटे के लिए बात चली गई है। छात्रा के घर पर दूर से आने वाले रिश्तेदार रुके हुए हैं। रिश्तेदार और बाकी परिजन माता-पिता को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। छात्रा की मां का बीपी काफी बढ़ा हुआ चल रहा है। पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार का कहना है कि छात्रा की मौत की जांच जारी है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के अलावा बाकी तमाम सबूत जुटाए गए हैं। पीएम रिपोर्ट में भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। बाकी परिवार ने स्कूल प्रशासन पर जो आरोप लगाए हैं, उसकी पड़ताल की जा रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 06, 2026, 02:58 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




मयूर विहार स्कूल में मासूम की मौत का मामला: एक दिन बाद हुआ मेडिकल बोर्ड का गठन, आज होगा छात्रा का पोस्टमार्टम #CityStates #DelhiNcr #Delhi #ChildDeath #MayurViharSchool #Post-mortem #SubahSamachar