Yamuna Nagar News: विद्यालयों में सुविधाओं की निगरानी के लिए बनेंगी कमेटी
जगाधरी। राजकीय विद्यालयों में बुनियादी सुविधाएं, सफाई व्यवस्था, विद्यार्थी हित व सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा निदेशालय की ओर से विशेष कदम उठाए जा रहे हैं। इसके तहत निदेशालय ने सभी विद्यालयों में निगरानी कमेटियां बनाने के आदेश दिए हैं। ये कमेटियां विद्यालयों का निरीक्षण करने के बाद व्यवस्थाओं की रिपोर्ट तैयार करेंगी। यही नहीं जिलास्तरीय कमेटियों के लिए निदेशालय ने एक माह में 25 विद्यालयों के निरीक्षण का लक्ष्य निर्धारित किया है।ये निगरानी कमेटियां, सभी प्राथमिक, माध्यमिक, उच्च व वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में गठित की जाएगी। इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक, सभी खंड शिक्षा अधिकारी को पत्र जारी किया है। यह कमेटियां स्कूल, कलस्टर, खंड और जिलास्तर पर बनाई जाएंगी। विद्यालय की कमेटी अपने संस्थान में व्यवस्था दुरुस्त करेंगी और वरिष्ठ कमेटियां इसका निरीक्षण करेंगी। इसका उद्देश्य विद्यालयों में बुनियादी व ढांचागत सुविधाओं व व्यवस्थाएं मजबूत करना और विद्यार्थियों को इसका लाभ पहुंचना सुनिश्चित करना है। इसके लिए निदेशालय ने कमेटियों का लक्ष्य भी निर्धारित किया है। कमेटियों को इसकी रिपोर्ट बनानी भी तैयार करनी होगी। यही नहीं निदेशालय ने विद्यालय में सभी बुनियादी सुविधाओं की रिपोर्ट बनाने के लिए प्रफोर्मा भी जारी किया है। निरीक्षक दल को विद्यालय की सुविधाओं की रिपोर्ट प्रफाेर्मा में भरनी होगी। प्रफोर्मा में विद्यालय की कमियां, सुविधाओं का आभाव, रख-रखाव न होने के कारण बुरा हाल और लाभ न मिलना इत्यादि बिंदुओं को शामिल किया गया।इस दौरान निरीक्षण का मुख्य केंद्र सफाई व्यवस्था और मूल सुविधाओं पर होगा। मौसम बदलने के साथ पानी की खपत बढ़ने लगी है। ऐसे में विद्यालयों के भवन, कमरे, कक्षाओं की स्थिति, आईटीसी लैब, विज्ञान लैब, पुस्तकालय, पीने के पानी की सुविधा, वाटर कूलर, टंकी सफाई, शौचालय में पानी का प्रबंध, बगीचे और क्यारियों के लिए पानी की व्यवस्था इत्यादि पर रहेगा। इसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। निदेशालय के आदेशों के बाद जिला शिक्षा सदन कार्यालय ने सभी विद्यालय प्रभारियों को इसके निर्देश जारी किए हैं। संवाद-----------निरीक्षण के सात बिंदु प्रमुखनिदेशालय ने निगरानी कमेटी निरीक्षण के दौरान सात बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने के आदेश दिए हैं। इसमें सबसे पहले शौचालय सुविधा को रखा गया है। बालक, बालिका, एवं स्टाफ हेतु पृथक, स्वच्छ एवं कार्यशील शौचालय की उपलब्धता। इसमें नियमित सफाई, पानी की उपलब्धता, साबुन की व्यवस्था, दिव्यांग विद्यार्थियों की पहुंच के अनुकूल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। दूसरा बिंदु स्वच्छ पेयजल व मध्याहन भोजन है। इसमें विद्यार्थियों व स्टाफ के लिए सुरक्षित एवं पर्याप्त पेयजल की उपलब्धता की जांच होगी। जल स्त्रोत की नियमित जांच, टंकियों की सफाई एवं पाइपलाइन रखरखाव अनिवार्य हो। मध्याहन भोजन का भंडारण, वितरण, बर्तन, पानी का प्रबंध इत्यादि की व्यवस्था मुख्य रखी गई है। इसके अलावा डिजिटल एवं आईसीटी आधारभूत संरचना, कंप्यूटर, स्मार्ट बोर्ड, पोडियम इत्यादि की जांच, प्रयोगशालाओं की गहनता से जांच व सामान के रख-रखाव की जांच, शिक्षण अधिगम संसाधन, खेल एवं कला संसाधनों का वास्तविक कक्षा उपयोग सुनिश्चित किया जाए। स्वच्छ प्रांगण एवं स्वच्छता प्रबंधन की जांच की जाएगी। वहीं, इसका सातवां बिंदु निरीक्षण तंत्र एवं जवाबदेही तय करना होगा।----------वर्जननिदेशालय की ओर से विद्यालयों में मूल सुविधाओं के निरीक्षण के लिए कमेटियां बनाने के आदेश दिए हैं। इस पर काम शुरू कर दिया है। जल्द ही सभी विद्यालयों के नियमित रूप से निरीक्षण किया जाएगा।-केएस संधावा, जिला परियोजना समन्वयक।-------------
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 08, 2026, 03:18 IST
Yamuna Nagar News: विद्यालयों में सुविधाओं की निगरानी के लिए बनेंगी कमेटी #CommitteeWillBeFormedToMonitorFacilitiesInSchools #SubahSamachar
