सिपाही भर्ती परीक्षा: अनुपात, औसत से जुड़े सवालों में उलझे परीक्षार्थी, वाराणसी में 12661 ने छोड़ी परीक्षा
वाराणसी जिले के 50 केंद्रों पर पुलिस की सिपाही भर्ती परीक्षा का समापन बुधवार को हुआ। अंतिम दिन 28.5 फीसदी ने परीक्षा छोड़ दी। यानी पंजीकृत कुल 44064 परीक्षार्थियों में से 12661 ने परीक्षा छोड़ी। हालांकि, परीक्षार्थियों ने प्रश्न पत्र को कठिन बताया। परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि गणित के प्रश्न बेहद मुश्किल थे। प्रतिशत, दूरी-दिशा, लाभप्रतिशत, अनुपात और औसत से जुड़े सवाल हल करने में काफी समय लग गया। अभ्यर्थियों ने बताया हिंदी, तार्किक क्षमता और सामान्य ज्ञान के करीब 120 प्रश्न पूछे गए। सामान्य ज्ञान में राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस और प्रोफेशनल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म जैसे विषय शामिल थे। जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि परीक्षा के अंतिम दिन पहली पाली में 15672 ने परीक्षा दी और 6360 ने छोड़ दी। दूसरी पाली में 15831 ने परीक्षा दी और 6201 ने छोड़ दी। दोनों ही पालियों में औसत 28.5 फीसदी ने परीक्षा छोड़ी। उन्होंने बताया कि परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। पेपर देने पहुंचे अभ्यर्थियों की केंद्र के बाहर गहन जांच की गई। शर्ट की बांह खुलवाकर, जूते उतरवाकर जांच होने के बाद प्रवेश दिया गया। इसके बाद रेटिना और फिंगरप्रिंट स्कैन किया गया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 10, 2026, 20:41 IST
सिपाही भर्ती परीक्षा: अनुपात, औसत से जुड़े सवालों में उलझे परीक्षार्थी, वाराणसी में 12661 ने छोड़ी परीक्षा #CityStates #Varanasi #VaranasiPolice #VaranasiNews #LatestNews #BigNews #TodayNews #UpNews #HindiNews #TopNews #SubahSamachar
