गोल्डन टेंपल में बिना सिर ढके क्रिकेटर पांड्या: धोनी और कोहली भी साथ, एआई जनरेटेड तस्वीर पर विवाद

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई ) आधारित श्री हरमंदिर साहिब (गोल्डन टेंपल) से जुड़े वीडियो और तस्वीरों का विवाद लगातार गहराता जा रहा है। सोशल मीडिया पर कुछ नई एआई जनरेटेड तस्वीरें सामने आई हैं जिससे सिख समुदाय में रोष है। वायरल हो रही तस्वीरों में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी युवराज सिंह और वर्तमान क्रिकेटर हार्दिक पांड्या को श्री हरमंदिर साहिब परिसर में बिना सिर ढके खड़े दिखाया गया है, जबकि सिख धर्म में गुरुद्वारा साहिब में प्रवेश करते समय सिर ढकना अनिवार्य होता है। तस्वीरों में विराट कोहली, महेंद्र सिंह धोनी और बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह को भी दर्शाया गया है, लेकिन उनके सिर ढके हैं। इस भिन्नता के कारण लोगों को संदेह हो रहा है कि इन तस्वीरों को जानबूझकर इस प्रकार तैयार किया गया है, जिससे विवाद उत्पन्न हो और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचे। कुछ दिन पहले ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था जिसमें एक कंकाल को पगड़ी पहनाकर श्री हरमंदिर साहिब की परिक्रमा करते हुए दिखाया गया था। वीडियो में यह भी दर्शाया गया कि उक्त कंकाल जूते पहनकर लंगर हॉल में प्रवेश करता है और वहीं बैठकर लंगर ग्रहण करता है। इस पूरे मामले पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने कड़ा एतराज जताया है। कमेटी का कहना है कि तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं जो बेहद चिंताजनक हैं। एसजीपीसी अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने केंद्र और राज्य सरकार से अपील की है कि एआई के दुरुपयोग को रोकने के लिए स्पष्ट और कठोर कानून बनाए जाएं जिससे इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 22, 2026, 03:04 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




गोल्डन टेंपल में बिना सिर ढके क्रिकेटर पांड्या: धोनी और कोहली भी साथ, एआई जनरेटेड तस्वीर पर विवाद #CityStates #Amritsar #Chandigarh-punjab #GoldenTemple #HardikPandya #ArtificialIntelligence #Punjab #SubahSamachar